रायपुर, 18 जुलाई 2026/ Murshidabad Train Accident: Local train hits school van…! 5 dead, including 3 students… Gateman arrested.
Murshidabad Train Accident : पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक रेल हादसे में तीन स्कूली छात्रों सहित पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा कर्णसुबर्ण स्टेशन के पास गोविंदपुर रेलवे लेवल क्रॉसिंग पर हुआ, जहां स्कूल वैन की निमतिता-कटवा लोकल ट्रेन से जोरदार टक्कर हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नवद्वीप धाम एक्सप्रेस के गुजरने के बाद रेलवे फाटक खोल दिया गया। फाटक खुला देखकर स्कूल वैन चालक बच्चों को लेकर पटरी पार करने लगा। उसी दौरान दूसरी दिशा से आ रही लोकल ट्रेन ने वैन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन के परखच्चे उड़ गए।
3 छात्र, साइकिल सवार समेत 5 की मौत
हादसे में गोबिंदपुर गांव के तीन छात्रों, 50 वर्षीय साइकिल सवार जमशेद शेख और एक अन्य घायल की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल छात्रों और वैन चालक का अस्पताल में उपचार जारी है।
गेटमैन गिरफ्तार, रेलवे ने किया निलंबित
पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) शिवराम माझी ने बताया कि ड्यूटी में कथित लापरवाही के आरोप में गेटमैन अनूप कर्मकार को गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही संबंधित ट्रैक निरीक्षक कौशिक माल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं। घटना की जांच के लिए 10 सदस्यीय टीम भी गठित की गई है।
रेल मंत्री ने किया मुआवजे का ऐलान
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए प्रत्येक मृतक के परिजनों को 10-10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।
लोगों का प्रदर्शन, रेल ट्रैक जाम
हादसे के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने आजीमगंज-कटवा रेलखंड पर रेल रोको प्रदर्शन किया, जिससे कुछ समय तक रेल परिचालन प्रभावित रहा।
