Share This Article

 रायपुर, 04 नवंबर 2026 / ETrendingIndia / इस्पात मंत्रालय के अधीन एनएमडीसी स्टील लिमिटेड के नगरनार स्थित अत्याधुनिक एकीकृत इस्पात संयंत्र ने नवंबर माह की शुरुआत में उत्पादन का एक नया ऐतिहासिक कीर्तिमान स्थापित किया है। संयंत्र ने 3 नवंबर 2026 को मात्र 24 घंटे की अवधि के भीतर रिकॉर्ड 455 हॉट रोल्ड कॉइल्स का उत्पादन कर अपनी स्थापना के बाद से अब तक का सर्वोच्च दैनिक उत्पादन स्तर हासिल किया है।


एक ही दिन में 455 एचआर कॉइल्स का यह अभूतपूर्व उत्पादन एनएमडीसी स्टील लिमिटेड की हॉट स्ट्रिप मिल की उन्नत तकनीकी उत्कृष्टता, परिचालन क्षमता और संयंत्र के तकनीकी कार्यबल की कार्यकुशलता को रेखांकित करता है। उल्लेखनीय है कि संयंत्र लगातार अपनी उत्पादन क्षमताओं में इजाफा कर रहा है। इसी माह के प्रथम दिवस (1 नवंबर) को 440 एचआर कॉइल्स के उत्पादन का पिछला रिकॉर्ड दर्ज किया गया था, जिसे मात्र दो दिनों के भीतर पार कर यह नई उपलब्धि हासिल की गई है।


संयंत्र का यह दैनिक रिकॉर्ड उसकी समग्र उत्पादन वृद्धि की निरंतरता को दर्शाता है। वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान नगरनार स्टील प्लांट ने 23,24,902 टन का कुल उत्पादन दर्ज किया, जो पिछले वित्त वर्ष के 14,38,646 टन की तुलना में 63 प्रतिशत की प्रभावशाली वृद्धि प्रदर्शित करता है। उत्पादन में यह निरंतर तेजी घरेलू इस्पात क्षेत्र को सशक्त बनाने और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।


Share This Article
Advertisement Carousel