रायपुर, 04 अगस्त 2026/ Nasha Mukt Bharat : भारत सरकार के ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ के तहत रायपुर स्थित आईसीएआर-राष्ट्रीय जैविक स्ट्रेस प्रबंधन संस्थान (ICAR-NIBSM) में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अभियान के तहत युवाओं को नशे से दूर रखकर पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक सेवा और राष्ट्र निर्माण जैसी सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने का संदेश दिया गया।
75 अशोक के पौधों के साथ हरित भविष्य का संकल्प
कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के निदेशक डॉ. पी. के. राय ने अशोक का पौधा लगाकर किया। इस दौरान विद्यार्थियों, वैज्ञानिकों, तकनीकी अधिकारियों और कर्मचारियों ने मिलकर लगभग 75 अशोक के पौधों का रोपण किया और उनकी देखभाल का संकल्प लिया।
“प्रकृति से जुड़ाव ही नशामुक्त समाज की प्रेरणा”
डॉ. पी. के. राय ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण की रक्षा नहीं करते, बल्कि स्वस्थ और समृद्ध समाज की मजबूत नींव भी रखते हैं। उन्होंने युवाओं से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रकृति से जुड़ाव ही स्वस्थ जीवनशैली और नशामुक्त समाज की सबसे बड़ी प्रेरणा है।
उन्होंने यह भी कहा कि विकसित और नशामुक्त भारत का सपना तभी पूरा होगा, जब युवा अपनी ऊर्जा को रचनात्मक कार्यों में लगाएंगे।
जलवायु परिवर्तन से मुकाबले का संदेश
संयुक्त निदेशक डॉ. पंकज शर्मा और डॉ. अनिल दीक्षित ने विद्यार्थियों से पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक हर वर्ष कम से कम एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करे, तो जलवायु परिवर्तन जैसी वैश्विक चुनौतियों का प्रभाव काफी हद तक कम किया जा सकता है।कार्यक्रम का समन्वयन डॉ. के. सी. शर्मा ने (Nasha Mukt Bharat) किया।
