रायपुर,12 मई 2026/ ETrendingIndia / NEET-UG 2026: Re-exam schedule to be released in 7-10 days, NTA chief informs / NEET UG री-एग्जाम , नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) के महानिदेशक (डीजी) अभिषेक सिंह ने मंगलवार को कहा कि नीट-यूजी 2026 परीक्षा दोबारा कराने का शेड्यूल अगले 7 से 10 दिनों में जारी कर दिया जाएगा.
उन्होंने छात्रों को भरोसा दिलाया कि कथित पेपर लीक में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है.
पेपर लीक और गड़बडिय़ों के आरोपों के बाद केंद्र सरकार ने मंगलवार को नीट-यूजी 2026 परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया.
एनटीए ने एक बयान में स्पष्ट किया कि दोबारा परीक्षा के लिए उम्मीदवारों को नए सिरे से रजिस्ट्रेशन की जरूरत नहीं होगी, और न ही कोई अतिरिक्त फीस ली जाएगी.
अगले 7-10 दिनों में परीक्षा का शेड्यूल जारी होगा
बाद में, नई दिल्ली में मीडिया से बात करते हुए एनटीए डीजी सिंह ने कहा कि एजेंसी अपनी टीम के साथ मिलकर दोबारा परीक्षा की तारीखें निर्धारित कर रही है. दोबारा परीक्षा की समय-सारणी के बारे में पूछे जाने पर सिंह ने कहा, हम आपको अगले 7-10 दिनों में शेड्यूल बता देंगे.
उन्होंने अभ्यर्थियों को यह भी भरोसा दिलाया कि इस गड़बड़ी की वजह से एनटीए की भविष्य की परीक्षाओं पर कोई असर नहीं पड़ेगा.
उन्होंने कहा, मैं अपनी टीम के साथ यह (दोबारा परीक्षा की तारीख) तय करने की कोशिश कर रहा हूं. जब उन्होंने मुझे बताया कि आप (स्टूडेंट्स) यहां हैं और मेरा इंतजार कर रहे हैं, तो मैंने सोचा कि मुझे आकर आपसे बात करनी चाहिए. मैं आपको भरोसा दिलाता हूं कि ऐसे हर व्यक्ति पर कार्रवाई की जा रही है जो ऐसी हरकतें करने की कोशिश कर रहा है. हम किसी भी परीक्षा में कोई गड़बड़ी नहीं होने देंगे.
दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी
क्या एनटीए के भीतर का कोई व्यक्ति कथित पेपर लीक में शामिल हो सकता है, इस संबंध में सिंह ने कहा कि नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने सीबीआई से कहा है कि जो भी दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए.
उन्होंने कहा, चाहे कोई अंदर का हो या बाहर का, कोई भी हो, हम सीबीआई से अपील करते हैं कि उन्हें गिरफ्तार करें और सजा दें ताकि इस मामले को जड़ से खत्म किया जा सके.
नीट-यूजी 2026 परीक्षा रद्द करने के फैसले का बचाव करते हुए अभिषेक सिंह ने कहा, पेपर लीक तुरंत बंद होना चाहिए. यह किसी के लिए भी अच्छा नहीं है. हम इसकी जिम्मेदारी लेते हैं क्योंकि जो हुआ वह गलत है, और हम परीक्षा कैंसिल कर रहे हैं. हम भरोसे के साथ दोबारा परीक्षा आयोजित करेंगे.
नीट-यूजी 2026 परीक्षा 3 मई को आयोजित की गई थी. एमबीबीएस, बीडीएस और दूसरे अंडरग्रेजुएट मेडिकल कोर्स में एडमिशन के लिए नीट-यूजी 2026 प्रवेश परीक्षा 3 मई को पेन-एंड-पेपर मोड में देश भर के 551 शहरों और विदेश के 14 शहरों में आयोजित की गई थी. लगभग 22.79 लाख स्टूडेंट्स ने परीक्षा में भाग लिया था.
जांच सीबीआई करेगी
उल्लेखनीय है कि सरकार ने आरोपों की पूरी जांच के लिए मामला सीबीआई को सौंप दिया है.
