11 hotels shut down11 hotels shut down
Share This Article

रायपुर, 21 अगस्त 2026/ ETrendingIndia / महानगर कोलकाता के न्यू मार्केट इलाके के मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित ‘होटल शिखा इन’ में भीषण अगलगी की घटना में 9 लोगों की मौत के बाद बंगाल की नई भाजपा सरकार ने बेहद सख्ती का रुख अपनाया है। घटना के तुरंत बाद ही सरकारी तौर पर यहां के 17 होटलों को कारण बताओ नोटिस दिया गया था। लेकिन नोटिस का संतोषजनक जवाब न मिलने पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। आज सुबह से, कोलकाता नगर निगम, फायर डिपार्टमेंट और कोलकाता पुलिस की एक संयुक्त टीम ने न्यू मार्केट इलाके में बारीकी से जांच की और 11 होटलों को बंद करवा दिया। नियमों का उल्लंघन करके चल रहे इन होटलों के दरवाजों पर उन्हें सील करने के नोटिस चिपका दिए गए हैं। अधिकारियों को होटल खाली कराने और यह पक्का करने के लिए 24 घंटे की समय-सीमा दी गई है कि वहां मौजूद सभी लोग परिसर से बाहर चले जाएं।

होटलों के खिलाफ कार्रवाई मंगलवार रात मिर्जा गालिब स्ट्रीट के एक होटल में हुए अग्निकांड के बाद तेज हुई है। घटना के बाद इलाके के दूसरे होटलों में भी सुरक्षा इंतजामों की जांच शुरू कर दी गई है। मामले की जांच के लिए कोलकाता पुलिस ने विशेष जांच दल का गठन किया है। मिर्जा गालिब स्ट्रीट के होटल में हुई आग की घटना की पुलिस जांच जारी है। फिलहाल होटल मालिक का कोई पता नहीं चल पाया है। पुलिस की विशेष जांच टीम घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की पड़ताल कर रही है। अग्निकांड के बाद गुरुवार को दमकल विभाग ने मिर्जा गालिब स्ट्रीट के 9 गेस्ट हाउस और 4 रेस्टोरेंट को शोकॉज किया था। इन सभी प्रतिष्ठानों से भी 24 घंटे के भीतर जवाब मांगा गया था।

शुक्रवार को जारी नए नोटिस में मार्कुइज स्ट्रीट के 10 होटल शामिल हैं। इसके अलावा मिर्जा गालिब स्ट्रीट के 5 होटल भी कार्रवाई के दायरे में आए हैं। नए शोकॉज नोटिस में एसएन बनर्जी रोड के एक होटल और तपसिया रोड के एक होटल को भी शामिल किया गया है। इस तरह शुक्रवार को कुल 17 नए होटलों को दमकल विभाग की ओर से नोटिस जारी किया गया। होटल में आग की घटना के बाद कोलकाता नगर निगम और दमकल विभाग ने न्यू मार्केट इलाके के होटलों पर निगरानी बढ़ा दी है। अधिकारियों का फोकस यह सुनिश्चित करने पर है कि होटल और गेस्ट हाउस में आग से बचाव के जरूरी इंतजाम नियमों के मुताबिक मौजूद हों।


Share This Article