Paper Leak: IGKV takes major action over paper leak...! Another exam cancelled; notice issued to Durg Agriculture College.Paper Leak
Share This Article

रायपुर, 24 अगस्त 2026/ Paper Leak : इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV) में पेपर लीक मामले को लेकर विश्वविद्यालय प्रबंधन ने बड़ा फैसला लिया है। 20 अगस्त की परीक्षा के बाद अब 7 अगस्त 2026 को आयोजित बीएससी कृषि प्रथम वर्ष की प्लांट पैथोलॉजी परीक्षा का प्रश्नपत्र भी रद्द कर दिया गया है।

विश्वविद्यालय प्रबंधन की आपात बैठक में यह निर्णय लिया गया। बैठक में भारतीय कृषि महाविद्यालय, दुर्ग को भी परीक्षा की गोपनीयता सुनिश्चित न कर पाने के मामले में नोटिस जारी करने का फैसला लिया गया है।

7 अगस्त का पेपर भी हुआ निरस्त

विश्वविद्यालय प्रबंधन के मुताबिक, 20 अगस्त को हुए पेपर लीक मामले की रायपुर पुलिस द्वारा की जा रही जांच में जानकारी सामने आई कि 7 अगस्त को आयोजित प्लांट पैथोलॉजी का प्रश्नपत्र भी कथित तौर पर लीक किया गया था। पुलिस जांच से मिली जानकारी के बाद विश्वविद्यालय ने इस परीक्षा को भी निरस्त करने का निर्णय लिया है।

पहले 20 अगस्त को आयोजित बीएससी कृषि द्वितीय वर्ष के एंटोमोलॉजी विषय का प्रश्नपत्र लीक होने के बाद परीक्षा रद्द की गई थी। अब 7 अगस्त की प्लांट पैथोलॉजी परीक्षा भी रद्द कर दी गई है।

दुर्ग कृषि कॉलेज को नोटिस

पेपर लीक मामले में भारतीय कृषि महाविद्यालय, दुर्ग को भी विश्वविद्यालय प्रबंधन ने नोटिस जारी किया है। विश्वविद्यालय के मुताबिक, परीक्षा की गोपनीयता सुनिश्चित न कर पाने के लिए कॉलेज के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

20 अगस्त के पेपर लीक मामले में रायपुर पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए कॉलेज के जिन छात्रों की भूमिका जांच में दोषी पाई जाएगी, उनके खिलाफ भी कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई करने का फैसला लिया गया है।

ऑब्जर्वरों को भी कारण बताओ नोटिस

विश्वविद्यालय प्रशासन ने परीक्षा की निगरानी के लिए भारतीय कृषि महाविद्यालय, दुर्ग में नियुक्त ऑब्जर्वरों पर भी कार्रवाई का निर्णय लिया है।20 अगस्त के एंटोमोलॉजी और 7 अगस्त के प्लांट पैथोलॉजी प्रश्नपत्र की गोपनीयता सुनिश्चित करने में उनकी भूमिका को लेकर संबंधित ऑब्जर्वरों को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा।

सितंबर में दोबारा होंगी दोनों परीक्षाएं

पेपर लीक के कारण रद्द की गई दोनों परीक्षाओं को दोबारा आयोजित किया जाएगा। विश्वविद्यालय प्रबंधन ने फैसला लिया है कि सितंबर 2026 के प्रथम सप्ताह में दोनों परीक्षाएं फिर से कराई जाएंगी। इससे प्रभावित छात्रों को दोबारा परीक्षा देने का मौका मिलेगा।

अब ईमेल से भेजे जा रहे प्रश्नपत्र

पेपर लीक की घटना के बाद विश्वविद्यालय ने परीक्षा प्रणाली में भी बदलाव शुरू कर दिया है। विश्वविद्यालय परीक्षा विभाग ने 22 अगस्त को आयोजित परीक्षा के प्रश्नपत्र संबंधित महाविद्यालयों को हार्ड कॉपी के बजाय पासवर्ड प्रोटेक्टेड ईमेल के जरिए भेजे।

सुबह 10 बजे से होने वाली परीक्षा का प्रश्नपत्र संबंधित कॉलेजों को सुबह 9:30 बजे ईमेल किया गया, ताकि प्रश्नपत्र की गोपनीयता बनाए रखी जा सके। विश्वविद्यालय के मुताबिक, 24 अगस्त को होने वाली परीक्षाएं भी इसी प्रक्रिया के तहत आयोजित की जाएंगी।

परीक्षा केंद्रों पर बढ़ाए जाएंगे CCTV कैमरे

विश्वविद्यालय प्रबंधन ने परीक्षा प्रणाली को और सुरक्षित बनाने के लिए परीक्षा विभाग और संबंधित महाविद्यालयों के परीक्षा हॉल में CCTV कैमरों की संख्या बढ़ाने का निर्णय लिया है। इसके अलावा भविष्य की परीक्षाओं में प्रश्नपत्र की गोपनीयता और पारदर्शिता बढ़ाने के लिए आधुनिक तकनीकों के इस्तेमाल पर भी विचार किया जा रहा है।

‘परीक्षा प्रणाली को लीक प्रूफ बनाने पर जोर’

विश्वविद्यालय प्रबंधन ने कहा कि छात्रों के सुरक्षित भविष्य को ध्यान में रखते हुए परीक्षाओं की गोपनीयता, निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए कड़े कदम उठाए जा रहे हैं। प्रबंधन का कहना है कि परीक्षा प्रणाली को लीक प्रूफ बनाने के लिए आवश्यक तकनीकी और प्रशासनिक बदलाव किए जा रहे हैं।


Share This Article