रायपुर 17 जनवरी 2026/ ETrendingIndia / Dissatisfaction with the silence on pensioners’ DA, the association protested / पेंशनरों डीए नाराजगी , राज्य सरकार द्वारा कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ता (डीए) बढ़ाने की घोषणा के बाद पेंशनरों में नाराजगी देखने को मिल रही है। छत्तीसगढ़ अधिकारी- कर्मचारी पेंशनर्स एसोसिएशन ने कहा है कि मुख्यमंत्री की घोषणा में केवल सेवारत अधिकारियों और कर्मचारियों का जिक्र किया गया, जबकि पेंशनरों को इससे बाहर रखा गया है।
एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष पंकज नायक और सचिव बेनीराम गायकवाड़ ने बताया कि 3 प्रतिशत डीए की घोषणा में पेंशनरों का नाम नहीं होने से उनमें भ्रम और असंतोष की स्थिति बन गई है।
छत्तीसगढ़ के कई जिलों के पेंशनरों ने इसे लेकर चिंता जताई है और सरकार से स्पष्ट आदेश जारी करने की मांग की है। एसोसिएशन का कहना है कि डीए से जुड़े आदेश में पिछले छह माह के एरियर का भी कोई उल्लेख नहीं किया गया है। इससे न केवल पेंशनरों बल्कि कर्मचारियों को भी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
बढ़ती महंगाई के दौर में पेंशन ही बुजुर्गों की मुख्य आय का साधन है, ऐसे में डीए में देरी से उनकी परेशानी और बढ़ गई है। पेंशनर्स एसोसिएशन ने सरकार से मांग की है कि नियमित कर्मचारियों की तरह पेंशनरों को भी तत्काल 3 प्रतिशत महंगाई भत्ता दिया जाए और डीए एरियर को लेकर भी जल्द स्पष्ट निर्णय लिया जाए। उन्होंने कहा कि यदि मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो आगे आंदोलन का रास्ता भी अपनाया जा सकता है।
