Share This Article नई दिल्ली/रोम। PM Modi-Meloni : इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने लगातार 1413 दिन सत्ता में रहकर नया राजनीतिक रिकॉर्ड कायम किया है। उनकी इस उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें बधाई देते हुए अपनी मित्र बताया। पीएम मोदी ने कहा कि मेलोनी का यह रिकॉर्ड इटली के लोगों के उनके नेतृत्व में भरोसे को दर्शाता है। मोदी की बधाई के साथ ही दोनों नेताओं की चर्चित दोस्ती और सोशल मीडिया पर लोकप्रिय रहा ‘Melodi’ कनेक्शन एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। मेलोनी ने तोड़ा बर्लुस्कोनी का रिकॉर्ड जॉर्जिया मेलोनी की सरकार ने शुक्रवार को लगातार 1413 दिन पूरे किए। 1946 में इटली गणराज्य बनने के बाद यह किसी एक कैबिनेट का सबसे लंबा लगातार कार्यकाल है। इससे पहले यह रिकॉर्ड पूर्व प्रधानमंत्री सिल्वियो बर्लुस्कोनी की दूसरी सरकार के नाम था, जो 2001 से 2005 के बीच 1412 दिन तक सत्ता में रही थी। मेलोनी ने महज एक दिन के अंतर से यह रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। मोदी ने बताया भारत-इटली रिश्तों के लिए अहम मेलोनी को बधाई देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत और इटली के संबंधों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि मेलोनी की दोस्ती ने दोनों देशों के बीच विशेष रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। मोदी ने आने वाले वर्षों में भारत और इटली के लोगों के बेहतर भविष्य के लिए साथ मिलकर काम करने की उम्मीद जताई और मेलोनी को आगे की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं। 2022 में बनी थीं इटली की पहली महिला PM जॉर्जिया मेलोनी ने 22 अक्टूबर 2022 को इटली की पहली महिला प्रधानमंत्री के रूप में पद संभाला था। वह दक्षिणपंथी और कंजरवेटिव पार्टी ब्रदर्स ऑफ इटली (FdI) की प्रमुख हैं। इटली की राजनीति में सरकारों के बार-बार बदलने का लंबा इतिहास रहा है। ऐसे में मेलोनी की गठबंधन सरकार का करीब चार साल तक सत्ता में बने रहना वहां की राजनीतिक परिस्थितियों के लिहाज से खास उपलब्धि माना जा रहा है। रिकॉर्ड के जश्न में बड़ी रैली, विपक्ष भी हमलावर मेलोनी की पार्टी ने रिकॉर्ड कार्यकाल के मौके पर दक्षिणी इटली के बारी शहर में बड़ी रैली का आयोजन किया है। कार्यक्रम में मेलोनी के संबोधन के लिए हजारों समर्थकों के पहुंचने की उम्मीद है और इसके लिए करीब 80 बसों की व्यवस्था की गई है। समर्थक इसे सरकार की स्थिरता और उपलब्धि के तौर पर देख रहे हैं, जबकि विपक्ष का आरोप है कि सरकार लंबे समय तक सत्ता में बने रहने को अपनी प्रमुख उपलब्धि के रूप में पेश कर रही है। 2027 के चुनाव से पहले इस आयोजन को मेलोनी की राजनीतिक ताकत के प्रदर्शन के तौर पर भी देखा जा रहा है। मोदी-मेलोनी की दोस्ती और ‘Melodi’ फिर चर्चा में मोदी और मेलोनी की राजनीतिक केमिस्ट्री पहले भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय रही है। दोनों नेताओं की साथ की तस्वीरों और वीडियो के बाद सोशल मीडिया पर #Melodi नाम से चर्चा तेज हुई थी। जून 2026 में मोदी को लेकर मेलोनी ने भी बधाई संदेश साझा किया था। वहीं, मई 2026 में पीएम मोदी के इटली दौरे के दौरान मेलोनी को ‘मेलोडी’ टॉफी का पैकेट गिफ्ट किए जाने की तस्वीर और वीडियो ने भी खूब सुर्खियां बटोरी थीं। अब मेलोनी के 1413 दिन के रिकॉर्ड और पीएम मोदी की बधाई के बाद एक बार फिर दोनों नेताओं की दोस्ती और ‘Melodi’ कनेक्शन सोशल मीडिया चर्चा में है। Share This Article Post navigation Railway Safety : अश्विनी वैष्णव ने रेलवे की सुरक्षा पर कसा शिकंजा, घटिया सामान सप्लाई करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई CSIR Recruitment 2026 : टेक्नीशियन और ग्रुप-II के 43 पदों पर भर्ती, 63,200 रुपये तक वेतन, 17 सितंबर आखिरी तारीख