PM ModiPM Modi
Share This Article

गढ़चिरौली, 15 नवंबर 2026।PM Modi : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि नक्सली हिंसा और माओवादी आतंक का सबसे ज्यादा नुकसान आदिवासी समुदायों को उठाना पड़ा। उन्हें मतदान जैसे बुनियादी लोकतांत्रिक अधिकार से भी वंचित रखा गया।

पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जब आदिवासी बच्चों का अपहरण और युवतियों के साथ अत्याचार हो रहे थे, तब सरकारें मूकदर्शक बनी रहीं।

वे रविवार को भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस समारोह को डिजिटल माध्यम से संबोधित कर रहे थे।

नक्सलवाद खत्म होने से लौटी सुरक्षा और उम्मीद

पीएम मोदी ने कहा कि माओवादी हिंसा समाप्त होने से आदिवासी क्षेत्रों में बदलाव आया है। महिलाएं अब सुरक्षित महसूस कर रही हैं और प्रभावित बच्चों को शिक्षा तथा युवाओं को रोजगार के अवसर मिल रहे हैं।

आदिवासी विकास के लिए एक लाख करोड़ से अधिक

प्रधानमंत्री ने बताया कि पीएम-जनमन और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के लिए एक लाख करोड़ रुपये से अधिक का प्रावधान किया गया है। पिछले 12-13 वर्षों में करीब 50 करोड़ लोग अत्यधिक गरीबी से बाहर आए हैं।

30 हजार करोड़ की विकास परियोजनाएं

उन्होंने गरीबों को चार करोड़ से अधिक पक्के मकान, 18 हजार गांवों तक बिजली और आयुष्मान भारत के तहत पांच लाख रुपये तक मुफ्त इलाज की सुविधा का उल्लेख किया।

समारोह में देशभर में आदिवासी विकास से जुड़ी 170 से अधिक परियोजनाओं का उद्घाटन और 70 से ज्यादा परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया। इनकी लागत करीब 30 हजार करोड़ रुपये है। प्रधानमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों से प्रेरणा लेकर विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।


Share This Article
Advertisement Carousel