पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने ब्रिटिश नागरिक को गोली मारी
Pakistani security forces
रायपुर, 10 अगस्त 2026 / ETrendingIndia / पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) में हिंसक प्रदर्शन के दौरान पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने एक ब्रिटिश नागरिक की गोली मारकर हत्या कर दी है। रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना सोमवार को विवादित स्थानीय चुनाव के अंतिम चरण के लिए मतदान के दौरान हुआ है। इससे पहले हफ्तों तक प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच झड़पें हुई थीं। मृतक ब्रिटिश नागरिक की पहचान पीटरबरो के रहने वाले 50 वर्षीय मोहम्मद अख्तर के रूप में हुई है। अख्तर के परिजनों ने बताया कि वह हिंसक प्रदर्शन में शामिल नहीं थे और अपने घर के पास थे। तभी सुरक्षा बलों ने प्रदर्शकारियों पर गोली चलाई, जिसमें अख्तर की मौत हो गई। उनके चचेरे भाई मोहम्मद साद ने बताया कि उनकी छाती के एक तरफ गोली का घाव था।
एक अन्य ब्रिटिश नागरिक, 38 वर्षीय वकास आरिफ को 5 जून को मीरपुर में हिरासत में लिया गया था, जबकि वह भी किसी प्रदर्शन में शामिल नहीं हुए थे। पीओके में ये प्रदर्शन प्रतिबंधित संयुक्त अवामी एक्शन कमेटी के नेतृत्व में हो रहे हैं। उनकी मांग है कि भारत-प्रशासित कश्मीर से विस्थापित लोगों के लिए आरक्षित 12 सीटें समाप्त की जाएं।
ये सीटें भारत से विस्थापित उन लोगों को प्रतिनिधित्व प्रदान करने के लिए बनी थीं, जो पीओके में समायोजित न होने के कारण पाकिस्तान में कहीं और बस गए थे। एमनेस्टी इंटरनेशनल के अनुसार, हिंसा में अब तक 34 नागरिक और 6 सुरक्षाकर्मी मारे गए हैं
