Share This Article

रायपुर, 14 नवंबर 2026 / ETrendingIndia / उत्तराखंड के चमोली जिले के पोखरी क्षेत्र में भालू और अन्य जंगली जानवरों के बढ़ते हमलों से परेशान ग्रामीणों का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा।

ग्रामीणों ने जनाक्रोश रैली निकालकर सरकार और वन विभाग से लोगों की सुरक्षा, मवेशियों की रक्षा तथा वन्यजीवों के आतंक से स्थायी राहत दिलाने की मांग की।

वन विभाग के अधिकारियों के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने अपना आंदोलन 10 दिनों के लिए स्थगित कर दिया।

11 दिनों से चल रहा था आंदोलन

पोखरी तहसील मुख्यालय में ग्रामीण और जनप्रतिनिधि पिछले 11 दिनों से क्रमिक अनशन कर रहे थे। गुरुवार को बस स्टैंड गोल मार्केट से विनायकधार तक रैली निकाली गई। प्रदर्शनकारियों ने ‘हमें बचाओ’ और ‘वन्यजीव अधिनियम में संशोधन करो’ जैसे नारे लगाए।

एक महीने में भालू के 12 से अधिक हमले

ग्रामीणों के अनुसार, क्षेत्र में भालू के हमलों की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। पिछले एक महीने में 12 से अधिक घटनाएं सामने आई हैं। भालू गौशालाओं में घुसकर मवेशियों को मार रहे हैं। इससे ग्रामीणों और पशुपालकों में भय का माहौल है।

वन विभाग ने दिया कार्रवाई का भरोसा

केदारनाथ वन्यजीव प्रभाग के डीएफओ रजत सुमन ने प्रभावित क्षेत्रों में वनकर्मियों की गश्त बढ़ाने और अतिरिक्त पिंजरे लगाने का आश्वासन दिया। हिंसक भालू को मारने की अनुमति के लिए शासन को पत्र भेजने की बात भी कही।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि 10 दिनों में मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन दोबारा शुरू किया जाएगा।


Share This Article
Advertisement Carousel