Share This Article रायपुर, 14 अगस्त 2026/ ETrendingIndia / राजकुमार राव के फैंस के लिए गुड न्यूज है. एक्टर की आने वाली फिल्म प्रहार: द उज्ज्वल निकम स्टोरी को एक नई रिलीज डेट मिल गई है. मेकर्स ने इसकी जानकारी दी है. यह फिल्म पहले 7 अगस्त को रिलीज होने वाली थी, लेकिन इसे आगे बढ़ा दिया गया था. प्रहार: द उज्ज्वल निकम स्टोरी के मेकर्स ने गुरुवार को फिल्म का नया पोस्टर शेयर किया और फिल्म की नई रिलीज डेट के बारे में जानकारी दी. मेकर्स ने बताया कि यह फिल्म अब 16 अक्टूबर को सिनेमाघरों में दस्तक देगी. पोस्टर को साझा करते मेकर्स ने कैप्शन में लिखा है, अब जस्टिक का प्रहार, 16 अक्टूबर को. प्रहार – द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ उज्ज्वल निकम, 16 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में. प्रहार: द उज्ज्वल निकम स्टोरी का टीजर जून में रिलीज किया गया था. यह अनुभवी सरकारी वकील उज्ज्वल निकम के जीवन और करियर की झलक दिखाता है. फिल्म उन कानूनी लड़ाइयों को दिखाती है जिन्होंने उनके सफर को खास बनाया. कहानी मुख्य रूप से 26/11 के मुंबई आतंकी हमलों के बाद अजमल कसाब के हाई-प्रोफाइल मुकदमे पर केंद्रित लगती है. यह केस भारत के कानूनी इतिहास की अहम घटनाओं में से एक बन गया था. जो लोग उज्ज्वल निकम के जीवन से परिचित नहीं हैं, उनके लिए बता दें कि उन्होंने दशकों तक कई आपराधिक मुकदमों को संभाला है. 1993 के मुंबई बम धमाकों के मामले में आरोपियों पर सफलतापूर्वक मुकदमा चलाकर उन्होंने देश भर में प्रसिद्धि हासिल की और बाद में 26/11 मुंबई आतंकी हमलों के बाद अजमल कसाब के मुकदमे में भी उन्होंने अहम भूमिका निभाई. राजकुमार राव उज्ज्वल निकम के रोल में छाए हुए हैं. उनके हाव-भाव से लेकर मराठी बोलने के अंदाज तक, ऐसा लगता है कि एक्टर ने इस किरदार को गहराई से जिया है. टीजर में कोर्टरूम की कई तनावपूर्ण बहसें और इमोशनल पल दिखाए गए हैं. राजकुमार राव की सधी हुई एक्टिंग और फिल्म के दमदार डायलॉग्स इस प्रीव्यू की गंभीरता को और बढ़ाते हैं. फिल्म में राजकुमार राव के अलावा वामिका गब्बी, जयदीप अहलावत, सिकंदर खेर और तरुण शर्मा अहम भूमिका में हैं. दिनेश विजन और मैडॉक फिल्म्स द्वारा निर्मित, प्रहार: द उज्ज्वल निकम स्टोरी का निर्देशन अविनाश अरुण धावरे ने किया है. Share This Article Post navigation बंटवारा 1947 के लिए एडवांस बुकिंग शुरू, सिनेमाघरों में 14 अगस्त को रिलीज होगी फिल्म प्रियंका चोपड़ा ने श्रीदेवी की बायोग्राफी एम्प्रेस की पहली झलक दिखाई, जल्द होगी जारी