Share This Article रायपुर, 01 सितंबर। President’s House : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात कर लौटे छत्तीसगढ़ के प्रतिभावान विद्यार्थियों और शिक्षकों ने मंगलवार को मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में हुई इस मुलाकात के दौरान विद्यार्थियों ने राष्ट्रपति भवन की यात्रा और राष्ट्रपति के साथ हुए आत्मीय संवाद के अनुभव साझा किए। मुख्यमंत्री साय ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्रपति भवन में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करना पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि बच्चों ने अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और सांस्कृतिक प्रस्तुति के जरिए छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया है। राष्ट्रपति ने बच्चों से पूछी पढ़ाई और भविष्य की योजनाएं विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु से मिलना उनके जीवन का अविस्मरणीय अनुभव रहा। राष्ट्रपति ने बच्चों से सहजता से बातचीत करते हुए उनकी पढ़ाई, रुचियों और भविष्य के सपनों के बारे में जानकारी ली। विद्यार्थियों ने राष्ट्रपति भवन के भ्रमण और वहां बिताए यादगार पलों के बारे में भी मुख्यमंत्री साय को बताया। CWSN छात्र नुकेश के लिए भावुक रहा पल राष्ट्रपति भवन में मुलाकात का सबसे भावुक क्षण उस समय आया, जब राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने CWSN विद्यार्थी नुकेश कुमार वर्मा को स्वयं राखी बांधी। राष्ट्रपति का यह आत्मीय स्नेह नुकेश और वहां मौजूद विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के लिए यादगार बन गया। राष्ट्रपति भवन में दिखी छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति विद्यार्थियों की इस यात्रा में छत्तीसगढ़ की संस्कृति की भी खास झलक देखने को मिली। छात्राओं ने राष्ट्रपति भवन में पारंपरिक सुवा नृत्य की प्रस्तुति दी। प्रदेश की लोक परंपरा, गीत-संगीत और सांस्कृतिक विरासत से सजी इस प्रस्तुति की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने सराहना की। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि यह गौरव की बात है कि प्रदेश के बच्चों ने देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद से जुड़े प्रतिष्ठित मंच पर छत्तीसगढ़ की प्रतिभा के साथ उसकी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का भी परिचय कराया। CM साय बोले- बच्चों के सपने बड़े होने चाहिए मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के बच्चों में प्रतिभा और संभावनाओं की कोई कमी नहीं है। उन्हें सही अवसर और प्रोत्साहन मिले तो वे हर क्षेत्र में प्रदेश का नाम रोशन कर सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से पूरी मेहनत और लगन के साथ पढ़ाई जारी रखने, बड़े लक्ष्य निर्धारित करने और उन्हें हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया। इन विद्यार्थियों ने की राष्ट्रपति से मुलाकात राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से भेंट करने वाले विद्यार्थियों में नारायणपुर की राजवती पोयाम, सुकमा के हिमांशु ठाकुर, दुर्ग की पायल राजानी, महासमुंद की रागनी साहू, रायपुर के नुकेश कुमार वर्मा तथा महासमुंद के दुर्गेश साहू और डिगेश सेन शामिल थे। इस अवसर पर डॉ. मुक्ति बैस, राज्य नोडल अधिकारी, समग्र शिक्षा, रायपुर और चंद्रशेखर मिथलेश, व्याख्याता (भौतिकी), शासकीय आशी बाई गोलछा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, महासमुंद भी उपस्थित रहे। Share This Article Post navigation CGPSC Recruitment Scam : जेल से बाहर आएंगी आरती वासनिक? सुप्रीम कोर्ट ने दिया बड़ा आदेश, जानिए पूरा मामला, CGPSC केस में दो बड़े आरोपियों को राहत