रायपुर, 11जुलाई 2026 / ETrendingIndia / Project Suraksha: First aid and CPR training provided to 86 police personnel of the VIP Security Battalion, Mana, जिला प्रशासन एवं रेडक्रॉस सोसाइटी, जिला शाखा रायपुर के संयुक्त तत्वावधान में “प्रोजेक्ट सुरक्षा” कार्यक्रम के अंतर्गत VIP सुरक्षा बटालियन माना में प्राथमिक उपचार एवं सीपीआर का विशेष प्रशिक्षण आयोजित किया गया।
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देशानुसार आयोजित इस प्रशिक्षण में छत्तीसगढ़ पुलिस बल के 86 पीएसओ जवानों ने भाग लिया।
प्रशिक्षण का संचालन सीएमएचओ कार्यालय रायपुर के नोडल अधिकारी एवं मास्टर ट्रेनर डॉ. सार्थक नंदा ने किया। उन्होंने प्रतिभागियों को कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन अर्थात सीपीआर की तकनीक सिखाई और आपातकालीन स्थिति में जीवन कैसे बचाया जा सकता है, इसका व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया।
इस अवसर पर डॉ. नीलिमा खरे, एमएस उपस्थित रहीं। उन्होंने विशेष रूप से प्रसव के दौरान उत्पन्न होने वाली समस्याओं का प्राथमिक उपचार कैसे किया जाए, इस पर विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम में सहायक सेनानी श्री जावेद अहमद अंसारी, कंपनी कमांडर श्री हरीन्द्र नाथ सिंह एवं VIP सुरक्षा बटालियन माना के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों ने कहा कि यह प्रशिक्षण अत्यंत महत्वपूर्ण है। आपातकालीन स्थितियों में आमजन की सेवा के लिए वे इस ज्ञान का उपयोग करेंगे और अन्य लोगों को भी प्रशिक्षण के लिए प्रेरित करेंगे।
उल्लेखनीय है कि प्रोजेक्ट सुरक्षा के तहत 16 जुलाई 2025 से अब तक कुल 128 बैचों में 19,165 छात्रों, शिक्षकों, पालकों एवं विभागीय अधिकारी कर्मचारियों को प्राथमिक उपचार एवं सीपीआर का प्रशिक्षण दिया जा चुका है।
