Railway Freight Loadinggoods trains
Share This Article

नई दिल्ली, 13 सितंबर 2026। Railway Freight Loading : भारतीय रेल ने अगस्त 2026 में यात्री कनेक्टिविटी और माल ढुलाई क्षमता के विस्तार की दिशा में कई बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं। अगस्त 2025 की तुलना में इस साल माल ढुलाई में 5.4 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वहीं यात्रियों की संख्या में भी इजाफा हुआ। रेलवे ने किफायती लंबी दूरी की यात्रा को बढ़ावा देने के लिए अमृत भारत की 14 सेवाओं को नियमित किया, जबकि माल परिवहन को बेहतर बनाने के लिए 5 नए गतिशक्ति कार्गो टर्मिनल शुरू किए गए।

माल ढुलाई 137.9 मिलियन टन पहुंची, राजस्व में भी बढ़ोतरी

अगस्त 2026 में भारतीय रेल ने 137.9 मिलियन टन माल की ढुलाई की, जबकि अगस्त 2025 में यह आंकड़ा 130.9 मिलियन टन था। इस तरह साल-दर-साल आधार पर माल ढुलाई में 5.4 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।

माल ढुलाई से प्राप्त राजस्व में भी अगस्त 2025 की तुलना में 6.27 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। कोयला, लौह अयस्क, स्टील, उर्वरक और अन्य प्रमुख वस्तुओं की मांग में मजबूती ने रेल माल परिवहन को गति दी। रेल के जरिए अधिक माल पहुंचने से उद्योगों और आवश्यक आपूर्ति श्रृंखला को भी मजबूती मिली।

लौह अयस्क से लेकर कोयले तक, इन सामानों की ढुलाई बढ़ी

अगस्त 2026 में कई प्रमुख वस्तु समूहों की ढुलाई में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई। लौह अयस्क की ढुलाई 12.1 प्रतिशत, क्लिंकर 10.4 प्रतिशत, घरेलू कंटेनर 9.2 प्रतिशत और कोयले की ढुलाई 6 प्रतिशत बढ़ी।

इसी तरह तैयार इस्पात में 4.9 प्रतिशत, खनिज तेल में 3.1 प्रतिशत, उर्वरकों में 1.6 प्रतिशत और अन्य सामानों की ढुलाई में 8.2 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। कंटेनर परिवहन में बढ़ोतरी से अलग-अलग क्षेत्रों के बीच सामान की आवाजाही को और प्रभावी बनाने में मदद मिली।

5 नए गतिशक्ति कार्गो टर्मिनल शुरू, संख्या 149 हुई

माल ढुलाई की कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए अगस्त में 5 नए गतिशक्ति कार्गो टर्मिनल (GCT) शुरू किए गए। इसके साथ 31 अगस्त 2026 तक देश में शुरू किए गए GCT की कुल संख्या 149 हो गई है।

नए टर्मिनल शिवलखा (गुजरात), नल्ली (तमिलनाडु), शक्तिनगर (उत्तर प्रदेश), देवराग्राम (मध्य प्रदेश) और ब्रजराजनगर (ओडिशा) में शुरू किए गए हैं। इन टर्मिनलों से उत्पादन और उपभोग केंद्रों के करीब माल संभालने की सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे लॉजिस्टिक्स की कार्यक्षमता बढ़ाने और माल की तेज निकासी में मदद मिलेगी।

14 अमृत भारत सेवाएं हुईं नियमित, कुल संख्या 86

यात्रियों के लिए भी अगस्त 2026 में बड़ा विस्तार हुआ। इस महीने अमृत भारत की 14 सेवाओं को विशेष ट्रेन से नियमित सेवा में बदला गया, जिसके बाद अमृत भारत सेवाओं की कुल संख्या 86 हो गई।

इन सेवाओं के जरिए उत्तर प्रदेश, बिहार, गुजरात, महाराष्ट्र, तमिलनाडु सहित कई प्रमुख क्षेत्रों के बीच कनेक्टिविटी मजबूत हुई। इनमें सूबेदारगंज-लोकमान्य तिलक टर्मिनस, गोरखपुर-बांद्रा टर्मिनस, गोरखपुर-दिल्ली जंक्शन, अहमदाबाद-भागलपुर, लोकमान्य तिलक टर्मिनस-प्रयागराज जंक्शन, प्रयागराज जंक्शन-उधना जंक्शन और धनबाद-कोयंबटूर जैसी सेवाएं शामिल हैं।

गोरखपुर से मुंबई और दिल्ली की कनेक्टिविटी से पूर्वांचल और पूर्वी उत्तर प्रदेश के यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिले हैं। वहीं अहमदाबाद-भागलपुर और धनबाद-कोयंबटूर जैसी सेवाएं देश के अलग-अलग औद्योगिक एवं रोजगार केंद्रों को जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

67.27 करोड़ यात्रियों ने किया सफर, त्योहारों पर चलीं अतिरिक्त ट्रेनें

अगस्त 2026 में भारतीय रेल ने 67.27 करोड़ यात्रियों को यात्रा कराई, जबकि अगस्त 2025 में यह आंकड़ा 64.43 करोड़ था। उपनगरीय यात्रियों की संख्या में भी 9.02 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि हुई। अगस्त 2026 में 38.01 करोड़ उपनगरीय यात्रियों ने सफर किया, जबकि पिछले साल यह संख्या 34.89 करोड़ थी।

त्योहारों के दौरान बढ़ी मांग को देखते हुए रेलवे ने अतिरिक्त विशेष ट्रेनों का भी संचालन किया। 25 से 31 अगस्त 2026 के बीच रक्षाबंधन विशेष ट्रेनों के 144 फेरे चलाए गए, जबकि अगस्त 2025 में 8 से 14 अगस्त के दौरान ऐसे 48 फेरे संचालित किए गए थे।

भारतीय रेल के मुताबिक अगस्त में हुए ये विस्तार यात्री कनेक्टिविटी, किफायती लंबी दूरी की यात्रा, माल ढुलाई क्षमता और लॉजिस्टिक्स नेटवर्क को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। अमृत भारत सेवाओं के विस्तार से यात्रियों को नए विकल्प मिल रहे हैं, जबकि गतिशक्ति कार्गो टर्मिनलों का बढ़ता नेटवर्क उद्योगों के लिए रेल आधारित माल ढुलाई को और सुविधाजनक बना रहा है।


Share This Article