Railway Ticket CheckingRailway Ticket Checking
Share This Article

रायपुर, 01 अक्टूबर 2026। Railway Ticket Checking : दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर मंडल द्वारा हथबंद रेलवे स्टेशन पर 29 सितंबर को विशेष एंबुश टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। स्टेशन के सभी प्लेटफार्मों और 8 ट्रेनों में हुई जांच के दौरान कुल 191 मामले दर्ज किए गए, जिनसे रेलवे को 1,12,800 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।

बिना टिकट यात्रा के 105 मामले

अभियान के दौरान बिना टिकट यात्रा करने वाले 105 यात्रियों को पकड़ा गया। इन मामलों से रेलवे ने 72,930 रुपये का राजस्व प्राप्त किया। इसके अलावा अनियमित टिकट के साथ यात्रा करने वाले 44 यात्रियों पर कार्रवाई की गई, जिनसे 32,070 रुपये वसूले गए।

अधिक लगेज और गंदगी पर भी कार्रवाई

टिकट जांच के दौरान निर्धारित सीमा से अधिक लगेज लेकर यात्रा करने वाले 40 यात्रियों के मामलों में 4,800 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। वहीं रेल परिसर में गंदगी फैलाने के एक मामले में 1,000 रुपये और धूम्रपान के एक मामले में 2,000 रुपये की कार्रवाई की गई।

15 टिकट चेकिंग स्टाफ रहे मौजूद

अभियान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ. सुस्कर विपुल विलासराव के निर्देश पर चलाया गया। इसमें सहायक वाणिज्य प्रबंधक अविनाश कुमार आनंद, मंडल मुख्य टिकट निरीक्षक, मुख्य वाणिज्य निरीक्षक-टिकट चेकिंग समेत 15 टिकट चेकिंग स्टाफ और रेलवे सुरक्षा बल के 2 कर्मचारी शामिल रहे।

यात्रियों से उचित टिकट लेने की अपील

रेल प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा के लिए उचित टिकट लेकर ही ट्रेन में सफर करने की अपील की है। साथ ही रेल परिसर में प्रवेश से पहले आवश्यक प्लेटफॉर्म टिकट लेने और ट्रेन व स्टेशन परिसर को साफ-सुथरा रखने में सहयोग करने की अपील की गई है।

लगातार चल रहा टिकट चेकिंग अभियान

रायपुर मंडल के वाणिज्य विभाग की ओर से समय-समय पर टिकट चेकिंग अभियान चलाए जा रहे हैं। रेलवे के अनुसार इन अभियानों का उद्देश्य यात्रियों को उचित टिकट लेकर यात्रा करने, सही कोच में बैठने और रेल प्रशासन के साथ सहयोग के प्रति जागरूक करना है।


Share This Article