Share This Article रायपुर, 31 अक्टूबर 2026। Raipur Air Show : छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के अवसर पर राजधानी रायपुर के आसमान में भारतीय वायु सेना की स्काईडाइविंग टीम ‘आकाशगंगा’ अपने साहस और सटीक पैराशूटिंग कौशल का प्रदर्शन करेगी। इस रोमांचक प्रदर्शन में वायु सेना के आठ उच्च प्रशिक्षित पैराशूट जंप इंस्ट्रक्टर 8,000 फीट की ऊंचाई से छलांग लगाएंगे। यह आयोजन दर्शकों को सैन्य स्काईडाइविंग का रोमांच करीब से देखने का अवसर देगा। 8,000 फीट की ऊंचाई से लगाएंगे छलांग भारतीय वायु सेना की प्रतिष्ठित टीम ‘आकाशगंगा’ स्क्वाड्रन लीडर आर्यन कैंत्युरा के नेतृत्व में प्रदर्शन करेगी। टीम के आठ पैराशूट जंप इंस्ट्रक्टर (PJI), पैराट्रूपर्स ट्रेनिंग स्कूल (PTS), आगरा के एएन-32 विमान से उड़ान भरेंगे और जमीन से 8,000 फीट की ऊंचाई पर पैराशूट के साथ छलांग लगाएंगे। इस प्रदर्शन में सैन्य पैराशूट विशेषज्ञों का कौशल, आपसी समन्वय और सटीकता देखने को मिलेगी। 1987 में हुई थी टीम की स्थापना ‘आकाशगंगा’ की स्थापना 10 अगस्त 1987 को वायु सेना स्टेशन आगरा में हुई थी। करीब चार दशक की गौरवशाली विरासत वाली यह टीम पैराट्रूपर्स ट्रेनिंग स्कूल, आगरा से संबद्ध है। टीम भारतीय वायु सेना की साहसिक भावना और उत्कृष्टता के प्रति समर्पण का प्रतीक मानी जाती है। गणतंत्र दिवस पर भी दिखा चुकी है खास प्रदर्शन टीम की प्रमुख उपलब्धियों में वर्ष 2019 के गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान 20×30 फीट के राष्ट्रीय ध्वज के साथ ‘कैनोपी रिलेटिव वर्क हैंड-प्लेन फॉर्मेशन’ का प्रदर्शन शामिल है। इस तरह के करतब के लिए पैराशूट संचालन में असाधारण दक्षता, सटीक तालमेल और टीम के सदस्यों के बीच मजबूत विश्वास जरूरी होता है। युवाओं को सशस्त्र सेनाओं में करियर के लिए करेगी प्रेरित आकाशगंगा का प्रत्येक प्रदर्शन कठिन प्रशिक्षण और बारीकी से की गई योजना का परिणाम होता है। यह भारतीय वायु सेना के मिशन, सत्यनिष्ठा और उत्कृष्टता जैसे मूल्यों को प्रदर्शित करता है। राज्योत्सव में टीम की भागीदारी से युवाओं को सशस्त्र सेनाओं में करियर बनाने की प्रेरणा मिलने के साथ भारतीय वायु सेना और छत्तीसगढ़ की जनता के बीच जुड़ाव भी मजबूत होने की उम्मीद है। Share This Article Post navigation CG Rajyotsav 2026 : ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ थीम पर सजेगा राज्योत्सव, अमित शाह और मनसुख मांडविया होंगे शामिल, सारंग टीम दिखाएगी हवाई करतब Sarang Air Show 2026 : रायपुर में एयर शो देखने जाने वालों के लिए रूट प्लान जारी, 3 मार्गों से पहुंचेंगे पार्किंग स्थल