Raipur Traffic PoliceRaipur Traffic Police
Share This Article

रायपुर, 06 अक्टूबर 2026। Raipur Traffic Police : शहर के व्यस्ततम MG रोड स्थित रात्रि चौपाटी में अवैध और बेतरतीब पार्किंग के खिलाफ यातायात पुलिस कमिश्नरेट ने विशेष अभियान शुरू किया है। सड़क पर गलत तरीके से खड़े वाहनों के कारण जाम की स्थिति बनने और स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों व आम नागरिकों को परेशानी होने के बाद यातायात पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है।

नो-पार्किंग में खड़े वाहनों पर कार्रवाई

पुलिस उपायुक्त यातायात एवं प्रोटोकॉल डॉ. अर्चना झा के निर्देश पर ट्रैफिक अमले ने नो-पार्किंग और अव्यवस्थित तरीके से खड़े वाहनों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की है। दोपहिया वाहनों को क्रेन से उठाया जाएगा, जबकि चार पहिया वाहनों पर व्हील लॉक लगाने की कार्रवाई की जाएगी।

पहले माइक से दी जाएगी चेतावनी

यातायात पुलिस की टीम कार्रवाई से पहले लाउडस्पीकर या माइक के जरिए वाहन चालकों को वाहन हटाने की चेतावनी देगी। इसके बाद भी वाहन नहीं हटाने पर संबंधित वाहन मालिक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

चालान और जब्ती की कार्रवाई

पुलिस के अनुसार चेतावनी के बावजूद लापरवाही बरतने वाले वाहन चालकों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालान और वाहन जब्ती की कार्रवाई की जाएगी। अभियान का उद्देश्य MG रोड चौपाटी क्षेत्र में यातायात को सुचारु बनाए रखना और जाम की स्थिति को नियंत्रित करना है।

निर्धारित पार्किंग में वाहन खड़ा करने की अपील

यातायात पुलिस ने चौपाटी आने वाले नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें। पुलिस ने लोगों से शहर की यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।


Share This Article