रायपुर, 05 जुलाई 2026/ Rape of Foreign Women: Serious allegations against a relative of Pakistan’s Deputy Prime Minister…! Case involving the rape of foreign women and extortion.
Rape of Foreign Women : पाकिस्तान के उपप्रधानमंत्री एवं विदेश मंत्री इशाक डार के करीबी रिश्तेदार मोहम्मद रजा डार का नाम दो विदेशी महिलाओं के कथित अपहरण, सामूहिक दुष्कर्म, फिरौती और क्रिप्टोकरेंसी से जुड़े विवाद में सामने आने के बाद राजनीतिक और कानूनी हलकों में हलचल मच गई है।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, रजा डार को मुख्य आरोपी मानते हुए पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। हालांकि, इशाक डार या उनके परिवार की ओर से आरोपी के पारिवारिक संबंधों को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
रिपोर्टों के मुताबिक, नीदरलैंड और वेनेजुएला की रहने वाली दो युवतियां 29 जून को लाहौर पहुंची थीं। दोनों का दावा है कि उनकी मुलाकात वर्ष 2025 में सिंगापुर में रजा डार से हुई थी। रजा ने उन्हें क्रिप्टोकरेंसी कारोबार में निवेश से बड़े मुनाफे का भरोसा दिलाया था और पाकिस्तान आने के लिए बिजनेस वीजा की व्यवस्था भी कराई थी।
पीडि़ताओं का आरोप है कि लाहौर पहुंचने के बाद जिस स्थान पर वे ठहरी थीं, वहां हथियारबंद लोग पहुंचे और उन्हें बंधक बना लिया। वेनेजुएला की नागरिक एस्ट्रिड गैब्रिएला रॉबिन्सन ब्राचो ने आरोप लगाया कि दो लोगों ने उसके साथ यौन उत्पीडऩ किया। उसने यह भी कहा कि हमलावरों ने उसके साथ मारपीट की और उसे रोने से मना किया।
महिला ने मजिस्ट्रेट के समक्ष दर्ज कराए गए बयान में आरोप लगाया कि आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देकर बड़ी रकम की मांग की। उसके अनुसार, कहा गया कि यदि पैसे नहीं दिए गए तो दोनों महिलाओं की हत्या कर दी जाएगी।
पीडि़ता का यह भी आरोप है कि रजा डार ने उसके मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर परिचितों से संपर्क किया और धन जुटाने का प्रयास किया।
क्रिप्टोकरेंसी तक पहुंच बनाने का भी आरोप
जांच के दौरान मामला केवल अपहरण और यौन उत्पीडऩ तक सीमित नहीं रहा। एक पीडि़ता ने आरोप लगाया कि आरोपी उसकी क्रिप्टोकरेंसी होल्डिंग्स तक पहुंच प्राप्त करना चाहते थे। इसके लिए उससे उसके लैपटॉप का पासवर्ड मांगा गया। पासवर्ड देने से इनकार करने पर दोनों महिलाओं को गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकी दी गई।
पीडि़ता के अनुसार, दूसरी महिला के परिवार ने कथित तौर पर एक लाख अमेरिकी डॉलर की व्यवस्था की, जिसके बाद आरोपियों ने उनके पासपोर्ट लौटाए और उन्हें हवाई अड्डे तक पहुंचाने पर सहमति जताई।
चार आरोपी गिरफ्तार, पांच दिन की पुलिस रिमांड
लाहौर पुलिस ने मामले में अब तक चार लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान मोहम्मद रजा डार, हसन रजा, सिकंदर खान और साजिद अली के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, मोहम्मद रजा डार को मुख्य आरोपी माना जा रहा है।
लाहौर की एक अदालत ने चारों आरोपियों को पांच दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। मामले की अगली सुनवाई 8 जुलाई को निर्धारित की गई है। उधर, दोनों विदेशी महिलाओं ने अपने बयान दर्ज कराने के बाद अपने-अपने देशों के लिए प्रस्थान कर दिया है।
जांच जारी
पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच में अपहरण, कथित यौन उत्पीडऩ, फिरौती की मांग और क्रिप्टोकरेंसी से जुड़े आरोपों की अलग-अलग स्तर पर पड़ताल की जा रही है।अधिकारियों ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
