Road ProjectRoad Project
Share This Article

रायपुर, 23 सितंबर 2026। Road Project : रायपुर-बलौदाबाजार सड़क को फोरलेन में बदलने की दिशा में शुरुआती सर्वे का काम पूरा हो गया है। करीब 1500 करोड़ रुपये की इस मेगा परियोजना के पूरा होने के बाद दोनों शहरों के बीच यात्रा का समय लगभग पौने दो घंटे से घटकर करीब एक घंटे रह जाने की उम्मीद है। परियोजना को दो चरणों में पूरा करने की योजना है, जिसमें फोरलेन सड़क के साथ सर्विस लेन, फ्लाईओवर और ओवरब्रिज जैसी सुविधाएं भी प्रस्तावित हैं।

1500 करोड़ की परियोजना, दो चरणों में होगा काम

परियोजना के पहले चरण में धनेली से पुराने विधानसभा भवन तक करीब 11.610 किलोमीटर सड़क को फोरलेन करने का प्रस्ताव है। इस हिस्से पर लगभग 500 करोड़ रुपये खर्च किए जाने का अनुमान है। दूसरे चरण में विधानसभा से पलारी तक करीब 72 किलोमीटर लंबे हिस्से को फोरलेन बनाया जाएगा, जिसके लिए करीब 1050 करोड़ रुपये का प्रावधान बताया गया है।

रायपुर से खोरसी तक जमीन का सर्वे पूरा

नेशनल हाईवे, वन विभाग और विद्युत विभाग की संयुक्त टीम ने रायपुर से खरोरा ब्लॉक के खोरसी गांव तक परियोजना से प्रभावित जमीन का सर्वे पूरा कर लिया है। सर्वे के दायरे में करीब 20 से 21 गांवों के 711 खसरे शामिल हैं। इनकी लगभग 17 हेक्टेयर जमीन परियोजना के दायरे में आ रही है।

711 खसरों का होगा प्रकाशन, जमीन मालिकों से मांगी जाएगी आपत्ति

सर्वे पूरा होने के बाद संबंधित 711 खसरों का प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद जमीन मालिकों से आधिकारिक रूप से दावा और आपत्ति मंगाई जाएगी। इस प्रक्रिया के पूरा होने के बाद परियोजना के लिए जमीन से जुड़ी आगे की कार्रवाई की जाएगी।

7 हजार पेड़ चिह्नित, बिजली शिफ्टिंग पर 44.78 करोड़ का प्रस्ताव

सड़क चौड़ीकरण के रास्ते में रायपुर जिले की सीमा तक करीब 7 हजार पेड़ आ रहे हैं, जिन्हें वन विभाग ने चिह्नित किया है। इसके अलावा सड़क निर्माण के दौरान बिजली के पोल और अन्य विद्युत ढांचे को हटाने की जरूरत होगी। इसके लिए विद्युत विभाग ने करीब 44.78 करोड़ रुपये का प्रस्ताव भेजा है। मंजूरी मिलने के बाद विद्युत ढांचे की शिफ्टिंग की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

फोरलेन में बनेंगे 4 बड़े फ्लाईओवर और ओवरब्रिज

परियोजना में यातायात की जरूरत के अनुसार सर्विस लेन बनाने का भी प्रस्ताव है। इसके साथ चार बड़े फ्लाईओवर और कई ओवरब्रिज बनाए जाने की योजना है। परियोजना पूरी होने के बाद रायपुर और बलौदाबाजार के बीच आवागमन सुगम होने के साथ यात्रा समय कम होने की उम्मीद है।


Share This Article