Share This Article रायपुर, 07 सितंबर/ ETrendingIndia / रूस और यूक्रेन के बीच जारी विनाशकारी युद्ध को समाप्त करने के लिए एक बेहद महत्वपूर्ण कूटनीतिक पहल शुरू हुई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के विशेष दूत जारेड कुशनर और स्टीव विटकॉफ ने शनिवार को मॉस्को के क्रेमलिन पैलेस में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात की। इस दौरान रूस और यूक्रेन दोनों ने वार्ताओं के दौरान एक-दूसरे की राजधानियों (मॉस्को और कीव) पर 3 दिनों तक हवाई हमला न करने का संकल्प लिया है। अमेरिकी दूतों का स्वागत करते हुए राष्ट्रपति पुतिन ने कहा, प्रिय सहयोगियों, मैं मॉस्को में आपका हार्दिक स्वागत करता हूं। बेशक, स्थिति आसान नहीं है। इसके साथ ही पुतिन ने बातचीत शुरू करने से पहले दोनों दूतों से राष्ट्रपति ट्रंप को अपनी शुभकामनाएं देने का आग्रह भी किया।इधर, ट्रंप ने मीडिया से कहा कि वे दोनों बेहतरीन वार्ताकार हैं और उन्हें यह देखने के लिए भेजा गया है कि क्या शांति की दिशा में कोई प्रगति संभव है। इस कूटनीतिक दौरे के मद्देनजर दोनों पक्षों ने अस्थायी संघर्ष विराम पर सहमति जताई है।क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने कहा कि रूसी राष्ट्रपति के आदेशानुसार, शनिवार आधी रात से लेकर अगले 3 दिनों तक कीव पर कोई हमला नहीं किया जाएगा। यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमीर जेलेंस्की ने भी सोशल मीडिया पर कहा कि अमेरिकी दूतों से बातचीत के बाद यूक्रेन शनिवार से सोमवार तक मॉस्को पर किसी भी प्रकार के हमले रोकने के लिए तैयार है। शनिवार को मॉस्को में बातचीत पूरी करने के बाद कुशनर और विटकॉफ रविवार को यूक्रेन की राजधानी कीव पहुंचेंगे, जहां वे राष्ट्रपति जेलेंस्की से मुलाकात करेंगे। जेलेंस्की के मुताबिक, यह यात्रा इस मायने में भी खास हो सकती है क्योंकि अमेरिकी अधिकारी विमान के जरिए कीव आ सकते हैं।साल 2022 में युद्ध शुरू होने के बाद से यूक्रेन का हवाई क्षेत्र पूरी तरह बंद है और सभी विदेशी नेता ट्रेन के रास्ते कीव आते रहे हैं। Share This Article Post navigation अमेरिका ने ईरान का जहाज डूबोया, कहा- समुद्र की तलहटी में अपनी नौसेना से जा मिला