Saksham Cafe
Saksham Cafe
Share This Article

रायपुर 18 दिसंबर 2025/ ETrendingIndia / Saksham Cafe has shown a new path to self-reliance./ सक्षम कैफे आत्मनिर्भरता , धमतरी जिले में दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने एक मिसाल कायम की है। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा की पहल पर समाज कल्याण विभाग द्वारा कलेक्ट्रेट परिसर में ‘सक्षम कैफे’ की शुरुआत की गई। यह कैफे न सिर्फ चाय-नाश्ते की सुविधा देता है, बल्कि दिव्यांगजनों के आत्मसम्मान और रोजगार का मजबूत आधार भी बना है।

कैफे का उद्घाटन महापौर रामू रोहरा ने रिबन और केक काटकर किया। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि सक्षम कैफे ने साबित कर दिया है कि दिव्यांगजन किसी से कम नहीं हैं। सही अवसर और सहयोग मिले तो वे भी सफल उद्यमी बन सकते हैं।

जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने कहा कि जिन्हें अक्सर कमजोर समझा जाता है, उन्होंने अपनी मेहनत और इच्छाशक्ति से यह सिद्ध कर दिया कि संकल्प हो तो कोई भी लक्ष्य कठिन नहीं होता।

सक्षम कैफे के संचालक बसंत कुमार विश्नोई ने बताया कि दिव्यांगजन लंबे समय से स्वरोजगार का सपना देख रहे थे। जिला प्रशासन के सहयोग से पहले सक्षम कैंटीन और अब सक्षम कैफे की शुरुआत हुई। इससे उन्हें स्थायी रोजगार मिला और वे समाज की मुख्यधारा से जुड़े।

कलेक्टर मिश्रा ने कहा कि यह कैफे केवल रोजगार नहीं, बल्कि आत्मविश्वास और आत्मसम्मान बढ़ाने का माध्यम है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसी भी जरूरत में प्रशासन पूरा सहयोग करेगा और सरकारी बैठकों व आयोजनों के लिए चाय-नाश्ते का ऑर्डर सक्षम कैफे से देने के निर्देश भी दिए।