रायपुर 17 नवम्बर 2025 / ETrendingIndia / Saudi Arabia bus accident: 45 Indian pilgrims killed in massive fire near Medina, PM Modi expresses grief / सऊदी अरब बस हादसा , सऊदी अरब में मदीना के पास उमरा तीर्थयात्रियों को ले जा रही एक बस भयावह हादसे का शिकार हो गई। बस के डीज़ल टैंकर से टकराते ही उसमें भीषण आग लग गई, जिसमें सवार 46 यात्रियों में से लगभग 42– 45 भारतीय श्रद्धालुओं के मारे जाने की आशंका है। बस में अधिकांश यात्री तेलंगाना से गए हुए उमरा तीर्थयात्री थे।
हादसा सोमवार मुफ़रीहाट इलाके में हुआ. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जोरदार थी कि कुछ ही सेकंड में आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। कई यात्री हादसे के समय सो रहे थे, जिससे उन्हें बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। आग लगने के बाद बस लगभग पूरी तरह जल गई, जबकि चालक किसी तरह बच निकलने में सफल रहा।
हादसे के कारणों की जांच सऊदी प्रशासन द्वारा जारी है। मदीना के आसपास इससे पहले भी कई गंभीर बस दुर्घटनाएँ हो चुकी हैं, जिनके पीछे तेज रफ्तार और भारी वाहनों की टक्कर प्रमुख कारण बताए जाते रहे हैं।
घटना के बाद रियाद स्थित भारतीय दूतावास और जेद्दा का वाणिज्य दूतावास लगातार सऊदी अधिकारियों के संपर्क में है और प्रभावित भारतीय परिवारों की जानकारी जुटाई जा रही है। तेलंगाना भवन के वरिष्ठ अधिकारी भी मृतकों की पहचान और राहत व्यवस्था में जुटे हुए हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई है। उन्होंने एक्स पर लिखा कि भारत के दूतावास और वाणिज्य दूतावास पीड़ितों को हर सम्भव सहायता प्रदान कर रहे हैं तथा सऊदी अधिकारियों के साथ निरंतर समन्वय में हैं। PM ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।
