Share This Article रायपुर, 09 सितंबर 2026। Seva Sankalp Abhiyaan : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सेवाकाल के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर छत्तीसगढ़ में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जाएगा। अभियान को जनभागीदारी से जोड़ने के लिए पर्यटन और संस्कृति विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने नया रायपुर स्थित अपने आवास कार्यालय में विभागीय गतिविधियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को अभियान को रचनात्मक और जनोन्मुखी बनाने के निर्देश दिए। नुक्कड़ नाटकों में दिखेगी योजनाओं से बदली जिंदगी अभियान के दौरान संस्कृति विभाग द्वारा स्कूल-कॉलेजों, सार्वजनिक स्थलों, सामुदायिक केंद्रों और पंचायतों सहित विभिन्न स्थानों पर नुक्कड़ नाटकों का आयोजन किया जाएगा। इन प्रस्तुतियों में केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा उनसे आम नागरिकों के जीवन में आए बदलावों को रोचक अंदाज में प्रस्तुत किया जाएगा। स्थानीय भाषा, लोककला, संगीत और प्रभावी संवादों के जरिए योजनाओं के लाभार्थियों की जीवन-परिवर्तन की कहानियां लोगों तक पहुंचाने पर जोर रहेगा। स्कूल और कॉलेजों में कार्यक्रमों के जरिए युवाओं और विद्यार्थियों को भी अभियान से जोड़ने की तैयारी है। इन्फ्लूएंसर बताएंगे बदलते छत्तीसगढ़ की कहानी पर्यटन विभाग अभियान के दौरान देश और प्रदेश के सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसरों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की बदलती तस्वीर को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सामने लाने की पहल करेगा। प्रमुख पर्यटन स्थलों, पर्यटन सुविधाओं के विस्तार, विकसित अधोसंरचना और विकास कार्यों को डिजिटल माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा। इसके जरिए प्रदेश की विकास यात्रा के साथ-साथ छत्तीसगढ़ की पर्यटन संभावनाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने पर भी फोकस रहेगा। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक होंगे कई आयोजन ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत एक महीने तक प्रदेशभर में अलग-अलग गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’, ‘नमो सेवा गाथा’, ‘आंगन का उत्सव’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान’ और ‘सरकार आपके द्वार’ जैसी गतिविधियां शामिल हैं। इन कार्यक्रमों के जरिए जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पात्र लोगों तक पहुंचाने, योजनाओं से वंचित पात्र हितग्राहियों को जोड़ने और समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा। मंत्री राजेश अग्रवाल ने दिए समन्वय के निर्देश समीक्षा बैठक में मंत्री राजेश अग्रवाल ने संस्कृति और पर्यटन विभाग से जुड़ी गतिविधियों को समय पर पूरा करने के साथ दोनों विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि संस्कृति जनसंवाद का प्रभावी माध्यम है, जबकि पर्यटन प्रदेश की विकास यात्रा को देश-दुनिया तक पहुंचाने का मजबूत जरिया है। मंत्री ने अधिकारियों से अभियान में स्थानीय संस्कृति, लोक कलाओं, युवाओं और डिजिटल माध्यमों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा। उनका जोर इस बात पर रहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ का संदेश केवल कार्यक्रमों तक सीमित न रहे, बल्कि सेवा, विकास और जनभागीदारी की भावना के रूप में आम लोगों तक पहुंचे। Share This Article Post navigation Ram Lalla Darshan Yojana : 850 श्रद्धालुओं को लेकर अयोध्या रवाना हुई विशेष ट्रेन, रामलला के साथ काशी विश्वनाथ के भी होंगे दर्शन Illegal Construction : रायपुर में अनुमति के विपरीत निर्माण पर नगर निगम का एक्शन, 2000 वर्गफीट का निर्माण तोड़ा