Share This Article शारजाह, 08 सितंबर। Sharjah Chamber : मध्यप्रदेश में विदेशी निवेश को बढ़ावा देने की दिशा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने संयुक्त अरब अमीरात में आयोजित एनुअल इन्वेस्टमेंट मीटिंग (AIM Congress-2026) के दौरान शारजाह चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री एवं एक्सपो सेंटर के चेयरमैन अब्दल्ला सुल्तान अल ओवैस से मुलाकात की। बैठक में मध्यप्रदेश और शारजाह के बीच आर्थिक एवं व्यापारिक संबंधों को मजबूत करने और विभिन्न क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। GIS-2027 के लिए शारजाह प्रतिनिधिमंडल को न्योता मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शारजाह के प्रतिनिधिमंडल को अगले साल आयोजित होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (GIS-2027) में शामिल होने का निमंत्रण दिया। उन्होंने शारजाह चैंबर के साथ रणनीतिक आर्थिक साझेदारी विकसित करने पर जोर देते हुए मध्यप्रदेश में एक उच्चस्तरीय व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल भेजने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने दोनों क्षेत्रों के उद्यमियों के बीच सेक्टर आधारित B2B बैठकों के लिए ‘मध्यप्रदेश-शारजाह बिजनेस फोरम’ बनाने का प्रस्ताव भी रखा। इन सेक्टरों में निवेश के बड़े अवसर बैठक के दौरान शारजाह की कंपनियों को मध्यप्रदेश के फूड पार्क, कोल्ड चेन, लॉजिस्टिक्स, टेक्सटाइल, फार्मास्यूटिकल्स, रिन्यूएबल एनर्जी और पर्यटन से जुड़ी परियोजनाओं में निवेश के लिए आमंत्रित किया गया। मुख्यमंत्री ने शारजाह चैंबर से मध्यप्रदेश के MSME और निर्यातकों को खाड़ी देशों के प्रमुख खरीदारों एवं वितरकों से जोड़ने में सहयोग की अपील की। इससे स्थानीय उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा मिलने के साथ रोजगार और तकनीकी हस्तांतरण के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है। निवेशकों के लिए मध्यप्रदेश की ताकत गिनाई डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश अपनी केंद्रीय भौगोलिक स्थिति, प्रतिस्पर्धी लागत, विशाल औद्योगिक लैंड बैंक, मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर और देश के प्रमुख बाजारों से बेहतर कनेक्टिविटी के कारण निवेश के लिए आकर्षक केंद्र बन रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पारदर्शी नीतियों, सिंगल-विंडो सिस्टम और उद्योग-अनुकूल वातावरण के जरिए निवेशकों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध करा रही है। मुख्यमंत्री ने शारजाह के व्यापक व्यापारिक नेटवर्क को मध्यप्रदेश के लिए निर्यात, कौशल विकास, रोजगार और तकनीकी सहयोग की दृष्टि से महत्वपूर्ण बताया। शारजाह-भारत व्यापारिक रिश्तों को मिलेगी नई दिशा बैठक में भारत और शारजाह के बीच मजबूत व्यापारिक संबंधों पर भी चर्चा हुई। शारजाह चैंबर की गतिविधियों में मैन्युफैक्चरिंग, टेक्सटाइल, ज्वेलरी, SME, टेक्नोलॉजी, एनर्जी, लॉजिस्टिक्स, फूड इंडस्ट्री, टूरिज्म और रियल एस्टेट जैसे क्षेत्र शामिल रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शारजाह की विकास यात्रा को भी समझा। अब्दल्ला सुल्तान अल ओवैस ने चैंबर के एग्जीबिशन हॉल में प्रदर्शनी के माध्यम से 1974 से अब तक शारजाह के विकास की यात्रा की जानकारी मुख्यमंत्री को दी। यह मुलाकात मध्यप्रदेश और शारजाह के बीच संभावित कारोबारी साझेदारी को आगे बढ़ाने की दिशा में अहम मानी जा रही है। Share This Article Post navigation India Book Of Records : सीहोर की नन्ही वान्या का कमाल…! ढाई साल की उम्र में बनाया रिकॉर्ड…इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में नाम दर्ज…कारण यहां जानें Global Market तक पहुंचेगा मध्यप्रदेश का उत्पाद, लॉजिस्टिक्स और टेक्नोलॉजी पर CM मोहन यादव का बड़ा फोकस