रायपुर 2 अक्तूबर 2025 / ETrendingIndia/ Along with burning of Ravana, weapons should also be worshipped widely: Chief Minister Dr. Yadav, performed weapon worship/ शस्त्र पूजन विजयादशमी , मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विजयादशमी के पावन पर्व पर इंदौर पुलिस लाइन में आयोजित भव्य शस्त्र पूजन कार्यक्रम में परम्परागत शौर्य परम्परा का निर्वहन करते हुए हिस्सा लिया।
उन्होंने माँ कालका की आराधना के साथ परम्परागत तलवार, भाला से लेकर अत्याधुनिक एके-47 और अन्य अस्त्र-शस्त्रों का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधान से पूजन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विजयादशमी केवल बुराई पर अच्छाई की विजय का पर्व ही नहीं, बल्कि यह शौर्य, साहस और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश देने वाला उत्सव है। शस्त्र केवल युद्ध का साधन नहीं, बल्कि अनुशासन और मर्यादा का प्रतीक भी है। हमारी पुलिस और सुरक्षा बल इन्हीं शस्त्रों के माध्यम से समाज की रक्षा का संकल्प लेते हैं। इस परंपरा का संरक्षण करना हम सबका दायित्व है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विजयादशमी पर रावण दहन के साथ शस्त्रों का पूजन भी व्यापक रूप से होना चाहिए।
उन्होंने प्रदेश में शस्त्र पूजन की परंपरा को और व्यापक रूप से मनाने के लिए नई सोच और नए संकल्प के साथ इसे आगे बढ़ाने की आवश्यकता बताई।
उन्होंने कहा कि शस्त्र और सैनिक एक-दूसरे के पर्याय हैं।
पुलिस कमिश्नर श्री संतोष कुमार सिंह ने कहा कि शस्त्र पूजन की परंपरा पुलिस बल में उत्साह और कर्तव्यनिष्ठा का संचार करती है।
विजयादशमी का यह पर्व पुलिस बल को शौर्य, पराक्रम और सेवा भाव के साथ जनता की सुरक्षा के लिए सदैव तैयार रहने की प्रेरणा देता है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पुलिस वाहन का पूजन कर शस्त्रागार का अवलोकन भी किया। मुख्यमंत्री को इस अवसर पर गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त श्री आर.के. सिंह ने आभार व्यक्त किया।