Statue of UnityStatue of Unity
Share This Article

एकता नगर, 31 अक्टूबर 2026। Statue of Unity : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के नर्मदा जिले के एकता नगर स्थित रेन फॉरेस्ट और वहां बने आकर्षक स्काईवॉक की खासियत साझा की है। उन्होंने पर्यटकों से इस पर्यटन स्थल का अनुभव लेने की अपील करते हुए कहा कि यहां की हरियाली, प्राकृतिक सुंदरता और अनोखा स्काईवॉक लोगों को शानदार अनुभव प्रदान करते हैं। स्काईवॉक से स्टैच्यू ऑफ यूनिटी का मनमोहक नजारा भी दिखाई देता है।

राष्ट्रीय एकता दिवस पर पीएम मोदी ने किया पोस्ट

प्रधानमंत्री मोदी ने शनिवार को राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के मौके पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा किया। इससे पहले उन्होंने स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पहुंचकर सरदार पटेल को पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने एकता नगर में पर्यटन और बुनियादी ढांचे से जुड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया।

12 एकड़ में विकसित किया गया रेन फॉरेस्ट

एकता नगर का रेन फॉरेस्ट करीब 12 एकड़ क्षेत्र में विकसित किया गया है। यहां वर्षभर कृत्रिम बारिश के जरिए वर्षावन जैसा वातावरण तैयार किया गया है। परिसर में 20 रेन गन टावर, झरने, बबल फाउंटेन और आकर्षक हरियाली विकसित की गई है। भारत के अलग-अलग क्षेत्रों के पेड़-पौधों को भी यहां लगाया गया है। गुजरात सरकार की परियोजना सूची के अनुसार, इस रेन फॉरेस्ट को विकसित करने में 14.30 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।

कांच के स्काईवॉक से दिखेगा जंगल का नजारा

रेन फॉरेस्ट का प्रमुख आकर्षण गोलाकार कांच का स्काईवॉक है। इसे 35 एमएम मोटाई वाले कांच के 132 पैनलों से तैयार किया गया है। इस पर चलते हुए पर्यटक नीचे फैले वन क्षेत्र और आसपास की प्राकृतिक सुंदरता का नजारा देख सकते हैं। यहां जैव विविधता और अलग-अलग वन पारिस्थितिकी तंत्रों से परिचित कराने की व्यवस्था भी की गई है।

वामन वृक्ष वाटिका भी पहुंचे प्रधानमंत्री

प्रधानमंत्री मोदी ने एकता नगर के पर्यटन सर्किट में शामिल वामन वृक्ष वाटिका का भी दौरा किया। सरकार का उद्देश्य स्टैच्यू ऑफ यूनिटी आने वाले पर्यटकों को आसपास के क्षेत्रों में पर्यटन के नए अनुभव और आकर्षण उपलब्ध कराना है।

426.71 करोड़ की 31 परियोजनाओं पर काम

एकता नगर में पर्यटन और बुनियादी ढांचे से जुड़ी कुल 426.71 करोड़ रुपये की 31 परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया गया। इनमें 307.83 करोड़ रुपये की लागत वाली 23 परियोजनाओं का उद्घाटन और 118.88 करोड़ रुपये की आठ परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

उद्घाटन की गई प्रमुख परियोजनाओं में 50 करोड़ रुपये की लागत से बना आईआरसीटीसी होटल, 16 करोड़ रुपये का एकता क्रूज और 3.67 करोड़ रुपये की इको ट्रेल शामिल हैं। वहीं, शिलान्यास की गई परियोजनाओं में गोरा-भनद्रा रोड, स्मार्ट जीरो-वेस्ट इंटीग्रेटेड सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट परियोजना, खलवानी इको-टूरिज्म और एकीकृत कैक्टस एवं बटरफ्लाई गार्डन शामिल हैं।

राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में होगी परेड और सांस्कृतिक प्रस्तुति

प्रधानमंत्री मोदी शनिवार शाम करीब 5:30 बजे राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में शामिल होंगे। इस दौरान एकता परेड आयोजित की जाएगी, जिसमें केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPF), राज्य पुलिस बलों और केंद्रीय पुलिस संगठनों की टुकड़ियां हिस्सा लेंगी।

समारोह में राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय की ओर से ‘नक्सल मुक्त भारत’ विषय पर नाट्य प्रस्तुति भी दी जाएगी। इसमें वामपंथी उग्रवाद से प्रभावित 126 जिलों के करीब 2,000 कलाकार हिस्सा लेंगे। इसके अलावा ‘वंदे मातरम’ की थीम पर झांकियां और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनमें देशभर के लगभग 5,000 कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।


Share This Article