Share This Article रायपुर, 02 अक्टूबर 2026। Swachh Bharat : कृषि महाविद्यालय, रायपुर में दीक्षारंभ कार्यक्रम के अंतर्गत महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना द्वारा स्वच्छता, श्रमदान और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित करने और दीप प्रज्वलित करने के साथ हुई। विद्यार्थियों को गांधी जी के विचारों से कराया परिचित कार्यक्रम में कृषि महाविद्यालय के शैक्षणिक प्रभारी डॉ. आर. पी. कुजूर ने महात्मा गांधी के विचारों और जीवन मूल्यों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को संदेश दिया। राष्ट्रीय सेवा योजना की छात्रा इकाई की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. पायल जायसवाल ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों को एनएसएस के उद्देश्यों, गतिविधियों और स्वयंसेवकों की भूमिका की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए एनएसएस की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों की दी जानकारी डॉ. आर. के. ठाकुर ने विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय स्तर पर आयोजित खेल गतिविधियों और प्रतियोगिताओं के बारे में विद्यार्थियों को जानकारी दी। वहीं विश्वविद्यालय सांस्कृतिक प्रभारी डॉ. एस. के. नाग ने महाविद्यालय की सांस्कृतिक गतिविधियों और अंतर-विश्वविद्यालयीन प्रतियोगिताओं की जानकारी साझा की। 250 विद्यार्थियों ने निकाली स्वच्छता जागरूकता रैली कार्यक्रम के अगले चरण में कृषि महाविद्यालय परिसर से विश्वविद्यालय की आवासीय कॉलोनी तक करीब 250 विद्यार्थियों ने स्वच्छता जागरूकता रैली निकाली। विद्यार्थियों ने “स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत” सहित विभिन्न स्वच्छता संबंधी नारों के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए टैलेंट हंट दीक्षारंभ कार्यक्रम के तहत प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए टैलेंट हंट और सांस्कृतिक गतिविधियों से संबंधित संवादात्मक सत्र भी आयोजित किया गया। डॉ. प्रवीण वर्मा ने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी प्रतिभाओं और सांस्कृतिक रुचियों की जानकारी ली तथा उन्हें महाविद्यालय की विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों और प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया। गांधी जी के आदर्शों को जीवन में अपनाने का संदेश इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल और कृषि महाविद्यालय की अधिष्ठाता डॉ. आरती गुहे ने विद्यार्थियों को गांधी जयंती की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विद्यार्थियों को गांधी जी के स्वच्छता, अनुशासन, सत्य और सेवा के आदर्शों को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने स्वच्छता, सामाजिक सेवा, खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक सहभागिता की। आयोजन के माध्यम से नवप्रवेशित विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक, सह-पाठ्यक्रमीय और सामाजिक गतिविधियों से परिचित कराया गया। Share This Article Post navigation कोल लेवी घोटाला : विधायक देवेंद्र यादव को ACB/EOW का नोटिस, विशेष कोर्ट में पेश होने के निर्देश Illegal Mining : अवैध खनिज परिवहन पर कार्रवाई, रेत-पत्थर से भरे 6 ट्रैक्टर जब्त