Share This Article रायपुर, 04 सितंबर। Tiranga Shakti Fest : रायपुर के शहीद स्मारक भवन, जयस्तंभ चौक में आयोजित ‘गुरु वंदन’ तिरंगा शक्ति फेस्ट के ग्रैंड फिनाले में कला, संस्कृति, देशभक्ति और गुरु-शिष्य परंपरा का शानदार संगम देखने को मिला। मंच पर करीब 30 प्रस्तुतियां हुईं, जिनमें शास्त्रीय संगीत, कथक, भरतनाट्यम, नृत्य, गीत, देशभक्ति गीत और वर्चुअल एयर प्रोग्राम ने दर्शकों को खूब प्रभावित किया। नन्हे कलाकारों से शिक्षकों तक ने मंच पर दिखाया हुनर कार्यक्रम की सबसे खास बात यह रही कि करीब पांच वर्ष की उम्र के नन्हे कलाकारों से लेकर वरिष्ठ प्रतिभागियों और शिक्षकों तक ने मंच साझा किया। प्रतिभागियों ने पूरे आत्मविश्वास के साथ अपनी प्रस्तुतियां दीं और दर्शकों की जमकर तालियां बटोरीं। प्रतियोगिता में 5 से 15 वर्ष तथा 15 से 70 वर्ष के दो आयु वर्ग रखे गए थे। इससे एक ही मंच पर बच्चों की मासूम प्रतिभा और अनुभवी कलाकारों के हुनर का अनूठा संगम देखने को मिला। ‘गुरु वंदन’ में जीवंत हुई गुरु-शिष्य परंपरा सितंबर माह को डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को समर्पित करते हुए आयोजित कार्यक्रम में शिक्षकों और विद्यार्थियों की भागीदारी ने आयोजन को विशेष बना दिया। शिक्षकों ने भी कलाकार के रूप में मंच पर अपनी प्रतिभा प्रस्तुत की। जब शिक्षक और विद्यार्थी एक साथ मंच पर नजर आए, तो गुरु-शिष्य परंपरा का भाव प्रभावी रूप से सामने आया। कथक की थाप, भरतनाट्यम की मुद्राओं और गीत-संगीत की प्रस्तुतियों ने पूरे सभागार का माहौल जीवंत कर दिया। कलेक्टर ने कलाकारों और आयोजन टीम को किया सम्मानित रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह ने तिरंगा शक्ति फेस्ट में प्रस्तुति देने वाले नन्हे, युवा और अनुभवी कलाकारों को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। इसके साथ ही सफल आयोजन में योगदान देने वाले शिक्षक-शिक्षिकाओं, अधिकारियों और कर्मचारियों का भी उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम में नगर निगम रायपुर के आयुक्त संबित मिश्रा, नगर निगम बिरगांव के आयुक्त युगल किशोर उर्वशा, अपर कलेक्टर नवीन ठाकुर, अपर कलेक्टर कीर्तिमान सिंह राठौर और नगर निगम रायपुर संस्कृति विभाग के अध्यक्ष अमर गिदवानी सहित अन्य गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। कलेक्टर ने नागरिकों से अपील की कि वे तिरंगा शक्ति फेस्ट के आगामी आयोजनों में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कलाकारों का उत्साहवर्धन करें। उन्होंने कहा कि दर्शकों का प्रोत्साहन कलाकारों का मनोबल बढ़ाता है और उनकी प्रतिभा को निखारने में मदद करता है। हर महीने बदलेगी थीम, अब ‘अंत्योदय’ से लेकर युवा और महिलाओं को मिलेगा मंच कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह के अनुसार तिरंगा शक्ति फेस्ट की खासियत यह है कि हर महीने इसकी थीम बदलेगी और समाज के अलग-अलग वर्गों, महापुरुषों तथा महत्वपूर्ण अवसरों को केंद्र में रखकर कार्यक्रम होंगे। 25 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर आयोजन ‘अंत्योदय दिवस’ की भावना को समर्पित रहेगा। इसमें स्वच्छता दीदी, पिंक दीदी, सफाई दीदी सहित जमीनी स्तर पर महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले लोगों को मंच देने की योजना है। 19 नवंबर को रानी लक्ष्मीबाई की जयंती के अवसर पर महिलाओं के लिए विशेष मंच तैयार किया जाएगा, जिसमें महिला प्रतिभागियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। वहीं 12 जनवरी को स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर 15 से 29 वर्ष के युवाओं को केंद्र में रखकर आयोजन किया जाएगा। दिसंबर में पूर्व प्रधानमंत्री और प्रख्यात कवि अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर 25 दिसंबर को भव्य ग्रैंड कवि सम्मेलन आयोजित करने की योजना है। इसमें कविता, साहित्य और राष्ट्रभावना को एक मंच पर लाया जाएगा। चार संस्थाएं, एक मंच, एक उद्देश्य तिरंगा शक्ति फेस्ट का आयोजन जिला प्रशासन रायपुर, नगर पालिक निगम रायपुर, कला केंद्र और स्कूल शिक्षा विभाग के संयुक्त प्रयास से किया जा रहा है। इसका उद्देश्य कला, संस्कृति, साहित्य, देशभक्ति और सामाजिक सरोकारों के लिए रायपुर में एक साझा मंच उपलब्ध कराना है। ‘गुरु वंदन’ ग्रैंड फिनाले ने इस अभियान को नई पहचान दी है। आयोजन ने यह संदेश भी दिया कि प्रतिभा उम्र की मोहताज नहीं होती। अब हर महीने बदलती थीम के साथ तिरंगा शक्ति फेस्ट रायपुर में विभिन्न वर्गों की प्रतिभाओं को सम्मान और मंच देने वाले सांस्कृतिक अभियान के रूप में आगे बढ़ेगा। Share This Article Post navigation CG Transfer News: छत्तीसगढ़ में 14 डॉक्टरों का तबादला, मेडिकल कॉलेजों के डीन-अधीक्षक बदले, देखें पूरी List