UP International Trade Show 2026UP International Trade Show 2026
Share This Article

ग्रेटर नोएडा, 22 सितंबर। UP International Trade Show 2026 : उत्तर प्रदेश को वैश्विक व्यापार, निर्माण और निर्यात के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में आयोजित होने वाले चौथे उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS-2026) की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में 25 से 29 सितंबर तक आयोजित होने वाले इस व्यापार मेले की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समीक्षा की। इस बार जापान, वियतनाम, रूस, सिंगापुर, ऑस्ट्रिया और बेलारूस समेत छह देश भागीदार देशों के रूप में शामिल होंगे।

25 से 29 सितंबर तक चलेगा UPITS-2026

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आयोजन को अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनुरूप तैयार किया जाए। व्यापार मेले में देश-विदेश से आने वाले खरीदारों, निवेशकों, उद्यमियों और प्रतिनिधियों के लिए आवास, परिवहन और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। सरकारी विभागों को 23 सितंबर तक अपने स्टॉल तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।

72 देशों से पहुंचेंगे करीब 600 अंतरराष्ट्रीय खरीदार

UPITS-2026 में छह भागीदार देशों के प्रतिनिधिमंडल प्रीमियम फोयर पवेलियन, द्विपक्षीय कारोबारी सत्र और B2B बैठकों में हिस्सा लेंगे। FIEO और विदेशों में स्थित भारतीय मिशनों के समन्वय से करीब 72 देशों से लगभग 600 अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के पहुंचने की संभावना है। विदेशी प्रतिनिधिमंडलों के लिए लायजन ऑफिसर नियुक्त करने और उनकी सहायता के लिए विश्वविद्यालयों के छात्रों को तैनात करने की भी तैयारी है।

भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और ट्रैफिक का प्लान तैयार

व्यापार मेले में संभावित भीड़ को देखते हुए यातायात, पार्किंग, सार्वजनिक परिवहन, सुरक्षा, स्वच्छता, भोजन और पेयजल की व्यवस्थाओं पर विशेष जोर दिया गया है। प्रवेश और निकास द्वारों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। फ्रिस्किंग, भीड़ प्रबंधन और लगातार निगरानी की व्यवस्था की जाएगी। प्रमुख स्थानों पर CCTV कैमरे और इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन भी लगाए जाएंगे।

500 से ज्यादा EV शटल बसें संभालेंगी आवाजाही

आयोजन स्थल और पार्किंग क्षेत्रों के बीच आगंतुकों की आवाजाही को आसान बनाने के लिए 500 से अधिक इलेक्ट्रिक वाहन शटल बसें संचालित की जाएंगी। अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडलों और VVIP मेहमानों की सहायता के लिए नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर विशेष UPITS सुविधा काउंटर भी संचालित किया जा रहा है। इंटरनेट और Wi-Fi कनेक्टिविटी बेहतर करने के लिए अतिरिक्त नेटवर्क व्यवस्था पर भी काम किया जा रहा है।

सोशल मीडिया पर भी जोर, 1.3 करोड़ से ज्यादा वीडियो व्यूज

UPITS-2026 के प्रचार के लिए NMRC मेट्रो, शहर की बसों, मल्टीप्लेक्स स्क्रीन, रेडियो और डिजिटल प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल किया जा रहा है। मेटा प्लेटफॉर्म्स पर प्रचार अभियान को अब तक 1.3 करोड़ से अधिक वीडियो व्यूज मिलने की जानकारी दी गई है। युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए डिजिटल रील चैलेंज, यंग एंटरप्रेन्योर प्रतियोगिता और विशेष क्विज भी आयोजित किए जाएंगे।


Share This Article