रायपुर, 11 जून 2026/ ETrendingIndia / “Siyan Jatan Program: 1,500 senior citizens undergo health checkups.” कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के मार्गदर्शन में जिले की सभी आयुर्वेद, होम्योपैथी एवं यूनानी चिकित्सा संस्थाओं में प्रत्येक गुरुवार को सियान जतन कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
इस विशेष पहल के माध्यम से 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं एवं परामर्श प्रदान किए जा रहे हैं।
इस पहल में वृद्धजनों को निःशुल्क पंचकर्म सुविधा, रक्तचाप, ब्लड शुगर, हीमोग्लोबिन, मूत्र जांच, मलेरिया की जांच, वृद्धावस्था से संबंधित बीमारियों का उपचार, योग परामर्श एवं नियमित योगाभ्यास, रोग प्रतिरोधक काढ़ा वितरण तथा स्वास्थ्य संरक्षण हेतु दिनचर्या एवं ऋतुचर्या संबंधी परामर्श प्रदान किया जा रहा है।
जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव लाने के उद्देश्य से विशेष स्वास्थ्य जागरूकता सत्र भी आयोजित किए जा रहे हैं, जिसमें वृद्धजनों द्वारा उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया जा रहा हैं।
आयुष विभाग की यह पहल वरिष्ठ नागरिकों के बीच काफी लोकप्रिय हो रही है, जिसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि सामान्य दिनों की तुलना में गुरुवार को वृद्ध मरीजों की उपस्थिति सर्वाधिक रहती है।
इस गुरुवार आयोजित सियान जतन दिवस में जिलेभर से कुल 1550 वृद्धजनों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया।
कार्यक्रम में सर्वाधिक संख्या वात रोग एवं दीर्घकालिक बीमारियों से ग्रसित मरीजों की रही, जिन्हें आयुष चिकित्सकों द्वारा उपचार एवं परामर्श प्रदान किया गया।
