रायपुर, 15 जनवरी 2026/ ETrendingIndia / Tatapani Festival is a symbol of our faith and cultural unity: Minister Ramvichar Netam / तातापानी महोत्सव 2026 , बलरामपुर–रामानुजगंज जिला अपनी समृद्ध संस्कृति, लोक परंपराओं और आदिवासी विरासत के लिए जाना जाता है। इसी सांस्कृतिक पहचान को सहेजने और आगे बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित तीन दिवसीय तातापानी महोत्सव का भव्य शुभारंभ मकर संक्रांति के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने किया। महोत्सव के पहले दिन आयोजित सांस्कृतिक संध्या ने दर्शकों को उत्साह और आनंद से भर दिया।
श्री रामविचार नेताम ने कहा कि तातापानी महोत्सव केवल मनोरंजन का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह हमारी आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक एकता का सशक्त प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रशासन और स्थानीय लोगों की सहभागिता से यह महोत्सव हर वर्ष और अधिक भव्य होता जा रहा है। मंत्री श्री नेताम ने कार्यक्रम में भाग लेने वाले कलाकारों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित भी किया।
सांस्कृतिक संध्या का मुख्य आकर्षण प्रदेश के सुप्रसिद्ध कलाकार और पद्मश्री सम्मानित श्री अनुज शर्मा रहे। उनकी सुरीली आवाज और छत्तीसगढ़ी लोकगीतों की प्रस्तुति पर पंडाल में मौजूद हजारों दर्शक झूम उठे। उनके साथ मंच पर आए कलाकारों ने भी शानदार प्रस्तुति देकर माहौल को जीवंत बना दिया। इसके अलावा स्थानीय कलाकारों ने पारंपरिक नृत्य और गीतों के माध्यम से वनांचल की समृद्ध संस्कृति की सुंदर झलक प्रस्तुत की।
कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विद्यालयों और महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने आकर्षक लोक नृत्यों की प्रस्तुति दी। इन नृत्यों के जरिए बच्चों ने अपनी सांस्कृतिक परंपराओं के साथ-साथ जिले में हो रहे विकास कार्यों को भी रचनात्मक ढंग से दर्शाया। अतिथियों ने बच्चों की प्रतिभा की जमकर सराहना की।
महोत्सव में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती पुष्पा नेताम, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री धीरज सिंह देव, कलेक्टर श्री राजेन्द्र कटारा, पुलिस अधीक्षक श्री वैभव बेंकर रमनलाल, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती नयनतारा सिंह तोमर सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिक उपस्थित रहे।
