रायपुर,15 मई 2026/ ETrendingIndia / India’s first sea aircraft between Kochi and Lakshadweep, successful trial at Agati airport / लक्षद्वीप सीप्लेन सेवा , केरलम के कोच्चि से खूबसूरत द्वीप समूह लक्षद्वीप तक भारत के पहले समुद्री विमान (सीप्लेन) का चलना जल्द ही साकार होने वाला है। दोनों इलाकों में समुद्री विमान का ट्रॉयल सफल हो गया है।
भारतीय हवाई अड्डा प्राधिकरण ने गुरुवार को इसकी जानकारी देते हुए बताया कि लक्षद्वीप भारत की पहली सीप्लेन कनेक्टिविटी का स्वागत करने के लिए तैयार है।
प्राधिकरण ने कहा कि अगाती वॉटरड्रोम पर सीप्लेन का सफल ट्रायल लैंडिंग हुआ, जो एक बड़ा मील का पत्थर है।
प्राधिकरण ने आगे कहा कि प्रस्तावित सीप्लेन कनेक्टिविटी का उद्देश्य कोच्चि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा को कल्पेनी, कदमत, किल्टन, कवरत्ती और अगाती से जोडऩा है।
उम्मीद जताई जा रही है कि अभी फिलहाल विमान से प्रति फ्लाइट 9 से 10 यात्रियों की अपेक्षित क्षमता के साथ सेवा जल्द ही शुरू हो सकती है।
इस परीक्षण अभियान में स्काईहॉप के अधिकारी और नागरिक उड्डयन महानिदेशालय के प्रतिनिधि शामिल थे, जिन्होंने उड़ान के दौरान प्रदर्शन और सुरक्षा मानकों की निगरानी की।
उड़ान में स्काईहॉप द्वारा संचालित डीएचसी6-400 ट्विन ऑटर विमान का उपयोग किया गया था। विमान ने कोच्चि से सुबह साढ़े 9 बजे उड़ान भरा और साढ़े 11 बजे अगाती द्वीप पर उतरा। फिर दिन में कवरत्ती द्वीप के लिए रवाना हुआ।
विमान कोच्चि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरने के लगभग 2 घंटे बाद द्वीप पर उतरा, जबकि अभी यात्री अगाती जाने के लिए जहाजों पर निर्भर हैं, जिनमें 14 घंटे से अधिक का समय लगता है।
