रायपुर, 25 मई 2026/ ETrendingIndia / Farmer Registry campaign: Agri stack will provide digital identity to farmers, review of fertiliser-seed system / फार्मर रजिस्ट्री अभियान , छत्तीसगढ़ में किसानों को योजनाओं का लाभ पारदर्शी और सुगम तरीके से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एग्री स्टैक परियोजना के अंतर्गत फार्मर रजिस्ट्री अभियान को तेज गति से आगे बढ़ाया जा रहा है।
इसी क्रम में सूरजपुर कलेक्टर श्रीमती रेना ने समीक्षा बैठक में 15 जून से पहले फार्मर रजिस्ट्री अभियान को मिशन मोड में पूर्ण करने के निर्देश दिए ।
बैठक में खरीफ वर्ष 2026 की तैयारियों, खाद-बीज वितरण व्यवस्था, पेट्रोल-डीजल आपूर्ति, एग्री स्टैक परियोजना तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की ।
कलेक्टर ने कहा कि जिले के सभी पात्र किसानों का एग्री स्टैक पंजीयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि कोई भी किसान शासन की योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
कलेक्टर ने कहा कि एग्री स्टैक भारत सरकार की महत्वाकांक्षी डिजिटल पहल है, जिसके अंतर्गत प्रत्येक किसान को एक यूनिक फार्मर आईडी प्रदान की जाएगी।
यह आईडी किसानों की डिजिटल पहचान के रूप में कार्य करेगी और इसके माध्यम से पीएम किसान सम्मान निधि, फसल बीमा, कृषि ऋण, न्यूनतम समर्थन मूल्य पर उपज विक्रय तथा कृषि उपकरणों पर अनुदान जैसी योजनाओं का लाभ सरलता एवं पारदर्शिता से प्राप्त होगा।
उन्होंने किसानों से निकटतम कॉमन सर्विस सेंटर, ग्राम पंचायत, कृषि विभाग अथवा पटवारी कार्यालय में आधार कार्ड, आधार से लिंक मोबाइल नंबर और भू-अभिलेख दस्तावेजों के साथ निःशुल्क पंजीयन कराने की अपील की।
बैठक में खरीफ सीजन के लिए खाद एवं बीज वितरण व्यवस्था की समीक्षा की । कलेक्टर ने गुणवत्तायुक्त उर्वरकों की समय पर उपलब्धता, वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता तथा कालाबाजारी और जमाखोरी पर सख्त नियंत्रण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
