रायपुर, 02 जुलाई 2026/ Ketan Agrawal Case: VIDEO of comment on laughing murder case goes viral…! 5 years suspension on dentist
Ketan Agrawal Case : पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल मर्डर केस पर कथित आपत्तिजनक सोशल मीडिया टिप्पणी करने के बाद मध्य प्रदेश के सतना की डेंटिस्ट डॉ. मुस्कान सोनी पर बड़ी कार्रवाई की गई है। ऑल इंडिया डेंटल स्टूडेंट्स एंड डेंटल सर्जन्स एसोसिएशन (AIDSA) ने उन्हें 5 वर्षों के लिए निलंबित कर दिया है और संगठन में उनके पद से भी हटा दिया है।
वायरल वीडियो के बाद बढ़ा विवाद
डॉ. मुस्कान सोनी की इंस्टाग्राम स्टोरी और एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें उन्होंने कथित तौर पर केतन अग्रवाल हत्याकांड और पुरुषों को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं। वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग तेज हो गई।
इस विवादित वीडियो का संज्ञान लेते हुए दांतों के डॉक्टरों और छात्रों के राष्ट्रीय संगठन ऑल इंडिया डेंटल स्टूडेंट्स एंड डेंटल सर्जन्स एसोसिएशन ने तुरंत आपातकालीन फैसला लिया। इस मामले को लेकर भोपाल, इंदौर, रायपुर और बिलासपुर सहित कई बड़े शहरों के मेडिकल सर्कल्स में भी नाराजगी देखी गई। इसके बाद एसोसिएशन ने 29 जून को एक कड़ा आधिकारिक बयान जारी किया।
AIDSA का कड़ा फैसला
AIDSA ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि दिवंगत केतन अग्रवाल को लेकर की गई कथित टिप्पणियां संगठन के नैतिक मूल्यों और आचार संहिता के विपरीत हैं। इसी आधार पर डॉ. मुस्कान सोनी की सदस्यता 5 साल के लिए निलंबित कर दी गई। साथ ही, उन्हें मध्य प्रदेश इकाई की कोषाध्यक्ष के पद से भी तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया।
डॉ. मुस्कान ने मांगी माफी
विवाद बढ़ने के बाद डॉ. मुस्कान सोनी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर सार्वजनिक रूप से माफी मांगी। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था और उन्होंने गुस्से में वह पोस्ट साझा की थी।
उन्होंने यह भी दावा किया कि विवाद के बाद उन्हें और उनके परिवार को सोशल मीडिया पर अपमानजनक टिप्पणियों और ट्रोलिंग का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने लोगों से एक मौका देने और अपनी गलती सुधारने की अपील की। इस मामले में सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो और दावों को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। संबंधित पक्षों के बयान भी सार्वजनिक रूप से सामने आ चुके हैं।
