Share This Article

रायपुर,06 जुलाई 2026/ ETrendingIndia / “Mayor Meenal Chaubey takes to the ground after heavy rains… directs 24-hour relief operations in waterlogged areas.” राजधानी रायपुर में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से उत्पन्न जलभराव की स्थिति के बीच महापौर मीनल चौबे स्वयं शहर के विभिन्न प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने पहुंचीं। उन्होंने नागरिकों से धैर्य बनाए रखने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की, वहीं नगर निगम के अधिकारियों को फील्ड में रहकर राहत कार्य तेज करने के सख्त निर्देश दिए।

साथ ही लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ विभागीय एवं दंडात्मक कार्रवाई की चेतावनी भी दी।

महापौर ने कहा कि शहर के कुछ हिस्सों में अनियोजित निर्माण और पर्याप्त जल निकासी व्यवस्था के अभाव के कारण जलभराव की स्थिति बनी है।

उन्होंने कहा, जनता को हो रही परेशानी से मैं बेहद व्यथित हूं। आपका संकट मेरा संकट है। यह समय राजनीति का नहीं, बल्कि एक-दूसरे का साथ देने का है।

जलभराव वाले क्षेत्रों से पानी निकालने के लिए 24 घंटे हाई-पावर सक्शन पंप

उन्होंने बताया कि जलभराव वाले क्षेत्रों से पानी निकालने के लिए 24 घंटे हाई-पावर सक्शन पंप लगाए जा रहे हैं। जहां-जहां पानी भरा है, वहां तत्काल जल निकासी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

नालों के मुहानों पर जमा प्लास्टिक और मलबा हटाने JCB मशीनें

नालों के मुहानों पर जमा प्लास्टिक और मलबा हटाने के लिए जेसीबी मशीनें भी तैनात की गई हैं।इस बीच भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश ठाकुर ने भी पार्षदों की बैठक लेकर सभी जनप्रतिनिधियों को अपने-अपने वार्डों में पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनने और उनके निराकरण के लिए सक्रिय रहने के निर्देश दिए।

अपील : बिजली के खंभों, ट्रांसफार्मरों और खुले विद्युत तारों से दूर रहें

महापौर ने नागरिकों से अपील की कि जलभराव वाले क्षेत्रों में बिजली के खंभों, ट्रांसफार्मरों और खुले विद्युत तारों से दूर रहें तथा सुरक्षा के मद्देनजर की जाने वाली अस्थायी बिजली कटौती में प्रशासन का सहयोग करें।

उबालकर या छानकर पानी पीने की सलाह

उन्होंने लोगों से उबालकर या छानकर पानी पीने तथा क्लोरीन की गोलियों का उपयोग करने की भी सलाह दी, ताकि बारिश के बाद फैलने वाली संक्रामक बीमारियों से बचा जा सके।

नगर निगम के सफाई कर्मचारियों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि कर्मचारी अपनी जान जोखिम में डालकर उफनते नालों की सफाई और जल निकासी का कार्य कर रहे हैं।

राहत कर्मचारियों का सहयोग करें , मनोबल बढ़ाएं

उन्होंने नागरिकों से अपील की कि राहत कार्य में लगे कर्मचारियों का सहयोग करें और उनका मनोबल बढ़ाएं।

महापौर ने नगर निगम आयुक्त, सभी जोन कमिश्नरों, इंजीनियरों और तकनीकी टीमों को कार्यालय छोड़कर पूरी तरह फील्ड में रहने के निर्देश दिए हैं।

खुले मेनहोल और धंसी सड़कों के आसपास बैरिकेडिंग करने के निर्देश

सभी अधिकारियों को 24 घंटे मोबाइल चालू रखने, जलभराव वाले क्षेत्रों में तत्काल राहत पहुंचाने, खुले मेनहोल और धंसी सड़कों के आसपास बैरिकेडिंग करने तथा पानी उतरने के बाद डेंगू, मलेरिया और डायरिया की रोकथाम के लिए ब्लीचिंग पाउडर, चूना एवं एंटी-लार्वा दवाओं का छिड़काव करने के निर्देश दिए गए हैं।

राहत कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं

महापौर मीनल चौबे ने स्पष्ट कहा कि राहत कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि किसी क्षेत्र में शिकायत मिलने के बाद भी समय पर कार्रवाई नहीं हुई या कोई अधिकारी फील्ड से अनुपस्थित पाया गया, तो उसके खिलाफ कड़ी विभागीय एवं दंडात्मक कार्रवाई की अनुशंसा की जाएगी।

उन्होंने कहा, जब तक शहर की स्थिति सामान्य नहीं हो जाती, तब तक नगर निगम की पूरी टीम और मैं स्वयं लगातार मैदान में रहकर लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए काम करते रहेंगे।

रायपुर हमारा परिवार है और हम सभी मिलकर इस चुनौती का सामना करेंगे.