रायपुर, 8 जुलाई 2026/ ETrendingIndia / “Massive Landslide at Tunnel Project Site in Wayanad, Kerala… 5 Dead, Several Trapped, Rescue Operation Underway” केरलम के वायनाड जिले में मंगलवार को भारी बारिश के कारण भूस्खलन हुआ है, जिसमें अब तक 5 लोगों की मौत की खबर सामने आई है। अभी कई लोग मौके पर फंसे हुए हैं।
हादसा मेप्पडी के पास कल्लाडी में एक सुरंग सड़क परियोजना स्थल पर मीनाक्षी पुल के पास हुआ है। यहां मलप्पुरम और वायनाड जिलों को जोडऩे वाली अनाक्कोम्पोयिल-मेप्पडी सुरंग परियोजना का काम चल रहा है। मौके पर बचाव दल के कर्मी मौजूद हैं।
भूस्खनल के बाद कलपेट्टा से अग्निशमन एवं बचाव सेवा कर्मी तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। अग्निशमन और बचाव सेवा, पुलिस और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की टीमें बचाव अभियान चला रही हैं।
स्थानीय निवासियों ने घटनास्थल से 3 लोगों को बचाया है, जो सुरंग परियोजना से जुड़े मजदूर बताए जा रहे हैं। वे मौके पर ठहरे हुए थे। प्रभावित क्षेत्र में कुछ घर और होमस्टे भी हैं। मौके पर 10 लोगों के फंसे होने की संभावना है।
घटना के बाद मुख्यमंत्री वीडी सतीशन ने मंगलवार को जिले के मंत्रियों के साथ एक आपातकालीन बैठक की और बचाव एवं राहत कार्यों को युद्धस्तर पर समन्वित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने मंंत्री एपी अनिल कुमार और टी सिद्दीकी को वायनाड जाने और बचाव एवं राहत कार्यों की निगरानी करने का निर्देश दिया है।
केरल राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने कहा कि कल्लाडी सुरंग निर्माण स्थल पर खुदाई से मलबा नीचे आने से सड़कें अवरुद्ध हैं।
अनाकोम्पॉयिल-मेप्पडी सुरंग परियोजना पिछले साल मलप्पुरम और वायनाड जिलों के बीच संपर्क को बेहतर बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई थी।
कैबिनेट मंत्री टी सिद्दीकी ने पत्रकारों को बताया कि यह भूस्खलन लापरवाही की वजह से हुई है और पूरी तरह मानवीय चूक की वजह से है। उन्होंने कहा कि जिला कलेक्टर ने कोंकरण रेलवे को लिखित में भूस्खलन के खतरे की चेतावनी दी थी, उसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई।
घटना ने जुलाई 2024 में वायनाड में हुए विनाशकारी भूस्खलन की याद दिला दी है। उस समय मूसलाधार बारिश ने मेप्पडी क्षेत्र में कई भूस्खलन को जन्म दिया था। हादसे में 400 से अधिक लोग मारे गए थे, कई लोग लापता हो गए थे और चोरालमाला और मुंडक्कई जैसे गांवों में व्यापक विनाश हुआ था।
भारत मौसम विभाग (आईएमडी) ने मंगलवार को वायनाड और कोझिकोड में भी रेड अलर्ट जारी किया है। मलप्पुरम, कन्नूर और कासरगोड में ऑरेंज अलर्ट है।
