रायपुर, 10 जुलाई 2026/ Rewa Commissioner: A unique initiative by the Rewa Commissioner! Officers underwent blood sugar tests right in the middle of a meeting; several officials were found to have high blood sugar levels.
Rewa Commissioner : मध्य प्रदेश के मैहर और सतना में प्रशासनिक बैठकों के दौरान एक ऐसा नजारा देखने को मिला जिसने सभी को हैरान कर दिया। रीवा संभाग के कमिश्नर शीलेंद्र सिंह की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठकों के दौरान कई अधिकारी बार-बार वॉशरूम जाते दिखाई दिए। इसे गंभीरता से लेते हुए कमिश्नर ने मौके पर ही स्वास्थ्य विभाग की टीम बुलाकर ब्लड शुगर जांच कराने के निर्देश दे दिए। देखते ही देखते कलेक्ट्रेट सभागार मेडिकल कैंप में बदल गया।
बार-बार वॉशरूम जाने पर हुआ संदेह
गुरुवार को मैहर कलेक्ट्रेट में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान कमिश्नर ने देखा कि कई अधिकारी और कर्मचारी बार-बार बैठक छोड़कर वॉशरूम जा रहे हैं। लगातार ऐसा होने पर उन्होंने इसे संभावित स्वास्थ्य समस्या का संकेत माना और तत्काल स्वास्थ्य विभाग की टीम को बुलाकर मौके पर ही सभी का ब्लड शुगर टेस्ट कराने के निर्देश दिए।
सतना में मीटिंग से पहले शुगर टेस्ट
अगले दिन शुक्रवार को सतना कलेक्ट्रेट में आयोजित बैठक से पहले अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए ब्लड शुगर जांच की व्यवस्था की गई। सभागार के बाहर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्लूकोमीटर से जांच की। अधिकांश अधिकारियों ने जांच कराई, जबकि कुछ ने बिना टेस्ट कराए ही बैठक में प्रवेश किया।
कई अधिकारियों की रिपोर्ट आई सामान्य से अधिक
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, सतना में जांच किए गए 29 लोगों में 5 का ब्लड शुगर स्तर सामान्य से अधिक पाया गया। वहीं बीएमओ मैहर डॉ. पीयूष पांडेय ने बताया कि मैहर में 49 अधिकारियों और कर्मचारियों की जांच की गई, जिनमें 16 लोगों का ब्लड शुगर स्तर 200 mg/dL से अधिक मिला। ऐसे सभी लोगों को चिकित्सकीय परामर्श लेने, नियमित जांच कराने और खान-पान पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी गई।
प्रशासनिक गलियारों में चर्चा तेज
कमिश्नर की इस पहल को लेकर प्रशासनिक हलकों में चर्चाओं का दौर जारी है। कई लोग इसे अधिकारियों और कर्मचारियों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने वाला कदम बता रहे हैं, जबकि कुछ अधिकारियों ने इस व्यवस्था पर असहमति भी जताई। फिलहाल इस अनोखी पहल की पूरे संभाग में चर्चा हो रही है।
