रायपुर, 16 जुलाई 2026/ Sarona Railway Station: A major railway gift for Chhattisgarh! Sarona and Balod stations to be inaugurated on July 17… DRM Dayanand met the CM and handed over the invitation.
Sarona Railway Station : छत्तीसगढ़ को रेलवे अधोसंरचना के क्षेत्र में एक और बड़ी सौगात मिलने जा रही है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत आधुनिक सुविधाओं से विकसित सरोना और बालोद रेलवे स्टेशन का 17 जुलाई को उद्घाटन होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशभर के नवीनीकृत रेलवे स्टेशनों का वर्चुअल लोकार्पण करेंगे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से गुरुवार को रायपुर मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) दयानन्द ने मुख्यमंत्री निवास में सौजन्य भेंट कर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की ओर से उद्घाटन समारोह का आमंत्रण पत्र सौंपा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना भारतीय रेलवे को आधुनिक, सुरक्षित, सुगम और यात्री-केंद्रित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण केवल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं ही नहीं देगा, बल्कि व्यापार, पर्यटन, निवेश, रोजगार और क्षेत्रीय विकास को भी नई गति प्रदान करेगा।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि देशभर में रेलवे स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं और विश्वस्तरीय अधोसंरचना से सुसज्जित किया जा रहा है, जिससे ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि सरोना और बालोद रेलवे स्टेशन के उन्नयन से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नया प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के प्रयासों से छत्तीसगढ़ में रेल नेटवर्क और आधुनिक रेल सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है।
