रायपुर, 21 जुलाई 2026/ Monsoon Session: Uproar in Parliament for the second consecutive day… Lok Sabha adjourned within 2 minutes… Rahul Gandhi targets PM Modi.
Monsoon Session : संसद के मॉनसून सत्र का दूसरा दिन भी जोरदार हंगामे की भेंट चढ़ गया। विपक्ष के विरोध के बीच लोकसभा की कार्यवाही शुरू होने के महज दो मिनट बाद पहले दोपहर 12 बजे और फिर 2 बजे तक के लिए स्थगित करनी पड़ी। वहीं राज्यसभा में भी लगातार शोर-शराबे के बीच कार्यवाही बाधित रही और उसे भी पहले 12 बजे, फिर 2 बजे तक स्थगित कर दिया गया।
NEET, छात्र आंदोलन और अन्य मुद्दों पर विपक्ष का हंगामा
विपक्ष ने NEET पेपर लीक, छात्र आंदोलन, राम मंदिर चढ़ावा चोरी और अन्य मुद्दों को लेकर सरकार को घेरा। दोनों सदनों में विपक्षी सांसदों के विरोध के कारण सामान्य कामकाज प्रभावित रहा।
राहुल गांधी का सरकार पर तीखा हमला
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने छात्र आंदोलन के दौरान कथित लाठीचार्ज का मुद्दा उठाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुप्पी पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि छात्रों की शिकायतें जायज़ हैं और प्रधानमंत्री को छात्रों से माफी मांगनी चाहिए।
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि देश की शिक्षा व्यवस्था गंभीर संकट में है। उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए रोजगार और भविष्य के अवसर लगातार कम हो रहे हैं। साथ ही उन्होंने उद्योगपति अडानी, अंबानी और आरएसएस पर भी शिक्षा व्यवस्था को प्रभावित करने का आरोप लगाया।
राज्यसभा में भी उठा छात्र आंदोलन का मुद्दा
राज्यसभा में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी छात्र आंदोलन और कथित लाठीचार्ज का मुद्दा उठाया। विपक्ष के लगातार विरोध के चलते सदन की कार्यवाही सुचारु रूप से नहीं चल सकी।
