रायपुर, 24 जुलाई 2026/ CSR Projects: Major plans for women and children! CSR to transform Anganwadis… Government focuses on eradicating malnutrition.
CSR Projects : छत्तीसगढ़ में महिलाओं और बच्चों के विकास को नई गति देने के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग ने कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) के जरिए उद्योगों के साथ दीर्घकालिक सहयोग की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। रायपुर स्थित सर्किट हाउस में आयोजित राज्य स्तरीय बैठक में विभाग और विभिन्न औद्योगिक संस्थानों के प्रतिनिधियों ने पोषण, बाल विकास और महिला सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए विभाग की प्रमुख सचिव शहला निगार ने कहा कि महिलाओं और बच्चों का समग्र विकास राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। उन्होंने उद्योगों से अपील करते हुए कहा, “आप सबके सहयोग से हम स्वर्णिम छत्तीसगढ़ बनाएंगे।”
बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों के उन्नयन, कुपोषण उन्मूलन, पोषण वाटिका, मुनगा पौधारोपण, डिजिटल संसाधन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण सामग्री, स्वच्छ पेयजल, खेल सामग्री, दिव्यांग अनुकूल सुविधाएं और किशोरियों के स्वास्थ्य एवं पोषण जैसे विषयों को प्राथमिकता दी गई।
महिला एवं बाल विकास विभाग की संचालक डॉ. रेणुका श्रीवास्तव ने बताया कि विभाग महिला सशक्तिकरण, बाल संरक्षण और बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण पर लगातार काम कर रहा है। CSR सहयोग से इन योजनाओं का दायरा और प्रभाव दोनों बढ़ेंगे।
बैठक में यह भी तय किया गया कि विभाग और उद्योगों के बीच नियमित समन्वय स्थापित कर प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में चरणबद्ध तरीके से परियोजनाएं लागू की जाएंगी।

