Share This Article

रायपुर, 25 जुलाई 2026 / ETrendingIndia / भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ ने संगठन को अधिक सक्रिय, अनुशासित और सेवा-भावना से जोड़ने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं।

राज्य मुख्य आयुक्त इंदरजीत सिंह खालसा की अध्यक्षता में आयोजित जिला संगठन आयुक्तों की बैठक में सभी स्कूलों की प्रार्थना सभा में राष्ट्रगीत का नियमित गायन, ओवाईएमएस (OYMS) पंजीयन में तेजी, व्यापक वृक्षारोपण अभियान, प्रशिक्षित स्काउट-गाइड शिक्षकों की उपलब्धता तथा बाढ़ जैसी आपदा के समय स्वयंसेवकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर बल दिया गया है.

सभी जिलों में स्काउट-गाइड गतिविधियों की नियमित समीक्षा करने का भी फैसला लिया गया।

जिलों में होगी नियमित समीक्षा

राज्य मुख्य आयुक्त ने निर्देश दिए कि प्रत्येक विद्यालय में कम से कम एक प्रशिक्षित बेसिक स्काउट मास्टर और एक गाइड कैप्टन की नियुक्ति सुनिश्चित की जाए। राज्य स्तर से सभी जिलों का नियमित दौरा कर गतिविधियों की समीक्षा भी की जाएगी।

ओवाईएमएस पंजीयन और वृक्षारोपण अभियान

बैठक में ओवाईएमएस पंजीयन को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रत्येक जिले में कार्यशालाएं आयोजित करने और हर विकासखंड में समन्वयक नियुक्त करने के निर्देश दिए गए।

इसके साथ ही जिला एवं विकासखंड स्तर पर जनभागीदारी के साथ व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया।

आपदा राहत में निभाएंगे सक्रिय भूमिका

संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए स्काउट-गाइड स्वयंसेवकों को एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और जिला प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर राहत एवं बचाव कार्यों में सक्रिय सहयोग देने के निर्देश दिए गए।

राष्ट्रीय समिति में मनोनयन पर सम्मान

बैठक में राज्य मुख्य आयुक्त इंदरजीत सिंह खालसा को राष्ट्रीय वयस्क स्काउटिंग समिति का सदस्य मनोनीत किए जाने पर सम्मानित किया गया।

उन्होंने सभी जिला संगठन आयुक्तों से सेवा, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व के साथ संगठन की गतिविधियों को और प्रभावी बनाने का आह्वान किया।