Share This Article रायपुर, 03 अगस्त 2026/ ETrendingIndia / बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव के दिल्ली स्थित सरकारी आवास पर रविवार शाम उस समय हंगामा मच गया, जब प्रेस वार्ता के दौरान एक युवक ने कथित रूप से उन पर चप्पल फेंक दी। घटना के बाद मौजूद समर्थकों ने आरोपी की पिटाई कर दी। मामले में चाकू मिलने और हमले की साजिश के दावों के बीच पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, पप्पू यादव अपने दिल्ली स्थित आवास पर पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। इसी दौरान कथित रूप से सुमित और हैप्पी शर्मा नामक दो युवक पहचान छिपाकर परिसर में प्रवेश कर गए। प्रेस वार्ता के बीच सुमित ने अचानक पप्पू यादव की ओर चप्पल फेंक दी, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद उपस्थित समर्थकों ने सुमित को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। घटना के दौरान सुमित के साथी हैप्पी शर्मा के पास से चाकू मिलने का भी दावा किया गया। हालांकि इस संबंध में पुलिस जांच जारी है। बताया गया कि घटना के बाद हैप्पी शर्मा मौके से फरार हो गया। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर निवासी सुमित और हैप्पी शर्मा के रूप में हुई है। सुमित वर्तमान में गाजियाबाद में काम करता है और उसके खिलाफ पहले कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है। वहीं, हैप्पी शर्मा के बारे में बताया जा रहा है कि वह भारतीय जनता पार्टी से जुड़ा हुआ है तथा मंडल महामंत्री के पद पर कार्यरत है। घटना के बाद पप्पू यादव ने आरोप लगाया कि उनके घर में घुसकर उन पर जानलेवा हमला करने की कोशिश की गई। उन्होंने कहा कि आरोपी चाकू लेकर आया था और यह उन्हें मारने की साजिश का हिस्सा था। उन्होंने दावा किया कि वहां मौजूद लोगों की सतर्कता के कारण उनकी जान बच गई। पप्पू यादव ने इस घटना को लोकतंत्र और जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। दूसरी ओर, आरोपी सुमित और उसके साथी हैप्पी शर्मा ने आरोपों से इनकार किया है। उनका कहना है कि उन्होंने पप्पू यादव पर हमला नहीं किया, बल्कि संसद में भगवा के कथित अपमान के विरोध में पहुंचे थे। उनका आरोप है कि विरोध जताने पर पप्पू यादव के समर्थकों ने उनके साथ मारपीट की, जिसके बाद उन्होंने केवल चप्पल और जूते फेंके। उन्होंने यह भी दावा किया कि वे अपने साथ कोई चाकू लेकर नहीं गए थे और चाकू बाद में दिखाया गया। दोनों का कहना है कि पप्पू यादव के आवास के बाहर साधुओं का धरना चल रहा था और वे उसी के समर्थन में वहां पहुंचे थे। पूरे मामले की जांच तिलक मार्ग थाना पुलिस कर रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, हिरासत में लिए गए सुमित की चिकित्सकीय जांच में यह पुष्टि हुई है कि घटना के समय वह अत्यधिक नशे की हालत में था। Share This Article Post navigation Live-in Relationships : महिलाओं को कानूनी सुरक्षा… वाइस एडमिरल मनीष चड्ढा, एवीएसएम, वीएसएम ने नौसेना संचालन महानिदेशक का पदभार ग्रहण किया