रायपुर, 07 अगस्त 2026/ IRCTC : भगवान शिव के भक्तों के लिए इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (IRCTC) ने एक खास धार्मिक पर्यटन पैकेज लॉन्च किया है। ‘भारत गौरव डीलक्स AC टूरिस्ट ट्रेन’ के जरिए ‘सप्त ज्योतिर्लिंग महायात्रा’ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालुओं को 11 दिनों में सात ज्योतिर्लिंगों के साथ द्वारकाधीश मंदिर के दर्शन कराने की सुविधा मिलेगी। यह विशेष ट्रेन 25 सितंबर 2026 को दिल्ली सफदरजंग रेलवे स्टेशन से रवाना होगी।
इन 7 ज्योतिर्लिंगों के होंगे दर्शन
इस आध्यात्मिक यात्रा में श्रद्धालु महाकालेश्वर (उज्जैन), ओंकारेश्वर (खंडवा), नागेश्वर (द्वारका), सोमनाथ (प्रभास पाटन), भीमाशंकर (पुणे), घृष्णेश्वर (एलोरा) और त्र्यंबकेश्वर (नासिक) के दर्शन करेंगे। इसके अलावा द्वारकाधीश मंदिर, रुक्मिणी मंदिर, बेट द्वारका, भालका तीर्थ, पंचवटी और एलोरा के विश्व प्रसिद्ध कैलाश मंदिर का भ्रमण भी कराया जाएगा।
लग्जरी सुविधाओं से होगा सफर
‘भारत गौरव डीलक्स AC टूरिस्ट ट्रेन’ में AC-1, AC-2 और AC-3 श्रेणी के आरामदायक कोच, ऑनबोर्ड शुद्ध शाकाहारी भोजन, 3-स्टार होटल में ठहरने की सुविधा, AC वाहनों से स्थानीय भ्रमण, टूर मैनेजर और यात्रा बीमा जैसी सुविधाएं शामिल हैं।
कितना है किराया?
- AC-3 टियर: ₹90,930 प्रति व्यक्ति
- AC-2 टियर: ₹1,09,925 प्रति व्यक्ति
- AC-1: ₹1,19,425 प्रति व्यक्ति
IRCTC के अनुसार, इस पैकेज में करीब 33% की छूट पहले से शामिल है।
बुकिंग कैसे करें?
श्रद्धालु IRCTC के टूरिज्म पोर्टल और देशभर में स्थित IRCTC के अधिकृत पर्यटन कार्यालयों के माध्यम से इस यात्रा की बुकिंग कर सकते हैं।
