रायपुर, 08 अगस्त 2026/ Raipur Railway Station : दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर स्टेशन पर रेलवे कर्मचारियों की सजगता और मानवीय संवेदनशीलता की मिसाल सामने आई है। ट्रेन से उतरने के बाद एक 56 वर्षीय यात्री की अचानक तबीयत बिगड़ गई। वह खुद खड़े होने की स्थिति में नहीं थे। मौके पर मौजूद रेलवे कर्मचारियों ने बिना समय गंवाए उन्हें संभाला और अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।
जानकारी के मुताबिक, 7 अगस्त 2026 को यशवंत सिंह (56) ट्रेन नंबर 18238 से रानी कमलापति से रायपुर की यात्रा कर रहे थे। वह ट्रेन के एच-1 कोच में सवार थे। रायपुर स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 5-6 पर ट्रेन पहुंचने के बाद जैसे ही यात्री नीचे उतरे, उनकी तबीयत अचानक बेहद खराब हो गई।
नजर पड़ते ही रेलवे स्टाफ ने संभाला मोर्चा
ड्यूटी पर तैनात सीटीआई/रायपुर स्क्वाड की नजर यात्री पर पड़ी। कर्मचारियों ने तुरंत उनकी स्थिति को समझते हुए उन्हें सहारा दिया और सुरक्षित स्थान पर लिटाया। इसके बाद कमर्शियल कंट्रोल को सूचना देकर तत्काल चिकित्सा सहायता की व्यवस्था शुरू की गई।
सूचना मिलते ही डिप्टी एसएस/कमर्शियल/रायपुर मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। रेलवे चिकित्सक से संपर्क कर तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई। साथ ही यात्री के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था की गई और उनके परिजनों को भी उनकी स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी दी गई।
बैटरी कार से सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया
इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात सीसीटीसी और स्टेशन स्टाफ बैटरी कार लेकर मौके पर पहुंच गए। सभी कर्मचारियों ने आपसी समन्वय से यात्री को बेहद सावधानी से सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया।
रेलवे चिकित्सक ने यात्री की जांच कर आवश्यक दवाएं और प्राथमिक उपचार दिया। इसके बाद रेलवे की एंबुलेंस से यात्री को उनके परिजनों के साथ अंबेडकर अस्पताल भेजा गया, जहां उन्हें आगे के उपचार के लिए भर्ती कराया गया।
सामान भी सुरक्षित रखकर परिजनों को सौंपा
रेलवे कर्मचारियों ने यात्री के सामान को भी सुरक्षित रखा और बाद में उनके परिजनों को सौंप दिया। समय पर मिली सहायता के लिए यात्री यशवंत सिंह ने रेलवे और कर्मचारियों का आभार जताया।
उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया कि रेलवे कर्मचारियों की समय पर मिली सहायता ने उनकी जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस पूरी कार्रवाई में मकसूद अली, सीटीआई/रायपुर, राजा सरकार, डिप्टी एसएस/कमर्शियल/रायपुर, अजीत कुमार, सीसीटीसी और राहुल दामले, सीसीटीसी सहित रेलवे चिकित्सा दल की तत्परता और आपसी समन्वय की सराहना की गई।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और सेवा के प्रति रेलवे सदैव प्रतिबद्ध है। रायपुर स्टेशन की यह घटना रेलवे कर्मचारियों की संवेदनशीलता और तत्काल सहायता उपलब्ध कराने की कार्यप्रणाली को दर्शाती है।

