Share This Article रायपुर, 29 अगस्त 2026/ ETrendingIndia / चीन ने पीपुल्स लिबरेशन आर्मी के पश्चिमी कमान के पूर्व प्रमुख जनरल झाओ जोंगकी को देश के शीर्ष राजनीतिक सलाहकार निकाय से हटा दिया है। झाओ ने वर्ष 2017 के डोकलाम गतिरोध और वर्ष 2020 में भारत-चीन के बीच हुए गलवान घाटी संघर्ष के दौरान चीन के पश्चिमी मोर्चे की कमान संभाली थी। रिपोर्ट के अनुसार, झाओ जोंगकी को 26 अगस्त को चीनी जन राजनीतिक सलाहकार सम्मेलन की सदस्यता से हटा दिया गया। इसके साथ ही उन्हें दो अन्य पदों से भी बेदखल किया गया है। हालांकि, चीन सरकार ने उनकी बर्खास्तगी का कोई कारण नहीं बताया है। उनके खिलाफ किसी जांच की घोषणा भी नहीं की गई है। रिपोर्ट में कहा गया है कि राष्ट्रपति शी जिनपिंग के नेतृत्व में चीन ने दो अन्य वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों—झांग यूशिया और लियू झेनली—को भी केंद्रीय सैन्य आयोग से हटा दिया है। इन अधिकारियों पर कानून के गंभीर उल्लंघन के आरोप लगाए जाने की बात सामने आई है।झाओ जोंगकी की राजनीतिक सलाहकार निकाय से सदस्यता समाप्त किए जाने को चीन की सैन्य व्यवस्था में चल रही व्यापक कार्रवाई से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, उनके खिलाफ कार्रवाई के वास्तविक कारण को लेकर चीन की ओर से कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण नहीं दिया गया है। झाओ जोंगकी फरवरी 2016 में चीन की पुनर्गठित पश्चिमी कमान के पहले कमांडर बने थे। वर्ष 2017 में भूटान के डोकलाम क्षेत्र में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच लंबे समय तक चले गतिरोध के दौरान भी पश्चिमी कमान की जिम्मेदारी उनके पास थी। डोकलाम में भारत और चीन के सैनिकों के बीच गतिरोध करीब 72 दिनों तक चला था। यह विवाद चीन द्वारा क्षेत्र में सड़क निर्माण के प्रयास के बाद शुरू हुआ था और इसका भारत-चीन संबंधों पर व्यापक असर पड़ा था। मई 2020 में पूर्वी लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा पर भारत और चीन के बीच तनाव बढऩे के दौरान भी झाओ जोंगकी पश्चिमी कमान के प्रमुख थे। इसी तनाव के बीच 15 जून 2020 को गलवान घाटी में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच हिंसक झड़प हुई थी। गलवान संघर्ष के बाद दोनों देशों के बीच सैन्य और कूटनीतिक तनाव लंबे समय तक बना रहा। सीमा पर स्थिति को सामान्य करने के लिए दोनों देशों के बीच कई दौर की सैन्य और राजनयिक वार्ताएं हुईं। झाओ जोंगकी को अब चीनी जन राजनीतिक सलाहकार सम्मेलन से हटाए जाने के बाद चीन की सैन्य और राजनीतिक व्यवस्था में उनकी भूमिका समाप्त हो गई है। हालांकि, उनके खिलाफ कार्रवाई के पीछे का आधिकारिक कारण अभी सामने नहीं आया है। Share This Article Post navigation अमेरिका से बढ़ते तनाव के बीच ईरान का बड़ा आर्थिक फैसला, अमेरिकी डॉलर पर निर्भरता घटाने की तैयारी वेनेजुएला के तेल भंडार पर अमेरिका को मिला नियंत्रण, ट्रंप बोले-ये इतिहास का सबसे बड़ा सौदा