Share This Article नई दिल्ली, 04 सितंबर। Railway Safety : रेलवे में सुरक्षा, तकनीकी व्यवस्था और रखरखाव से जुड़ी कमियों को दूर करने के लिए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अधिकारियों को मिशन मोड में काम करने के निर्देश दिए हैं। रेल भवन में हुई सुरक्षा समीक्षा बैठक में सिग्नलिंग, ओवरहेड इक्विपमेंट (OHE), ट्रैक, कोच, वैगन और वर्कशॉप मेंटेनेंस से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में रेलवे बोर्ड के चेयरमैन एवं CEO, बोर्ड के सदस्य, जोनल रेलवे के महाप्रबंधक, DG और DRM समेत वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। सिग्नलिंग और OHE की खामियां जल्द होंगी दूर रेल मंत्री ने सिग्नलिंग सिस्टम से जुड़ी तकनीकी कमियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने के निर्देश दिए। वहीं, OHE के उन पुर्जों की पहचान कर समय पर रखरखाव और बदलाव सुनिश्चित करने को कहा गया, जिनकी निर्धारित सर्विस लाइफ पूरी हो चुकी है। रेलवे में तकनीकी उपकरणों की समय पर जांच और रखरखाव को सुरक्षा व्यवस्था का अहम हिस्सा माना गया है। कोच में आग से सुरक्षा पर खास फोकस वर्कशॉप में रखरखाव व्यवस्था का स्तर सुधारने पर भी रेल मंत्री ने जोर दिया। खासतौर पर कोच में आग से सुरक्षा से जुड़े इलेक्ट्रिकल सर्किट और वायरिंग की जांच एवं रखरखाव पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। इसके अलावा वैगन और कोच के कपलर तथा पहियों के रखरखाव को भी प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं। ट्रैक, पॉइंट मशीन और फास्टनर की होगी सख्त निगरानी ट्रैक मेंटेनेंस को लेकर पॉइंट मशीन, टर्नआउट और फास्टनर की स्थिति पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है। जहां भी फास्टनर गायब पाए जाएं, वहां उन्हें समय पर लगाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। रेलवे सुरक्षा के लिहाज से ट्रैक से जुड़े इन महत्वपूर्ण हिस्सों की नियमित निगरानी और रखरखाव पर जोर दिया गया है। घटिया सामान देने वाले सप्लायर होंगे निशाने पर बैठक में खराब गुणवत्ता वाले रेलवे मटीरियल की सप्लाई को लेकर भी सख्त रुख अपनाया गया। S&T, OHE, ट्रैक, कोच और वैगन से जुड़े सामान की गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधित सप्लायर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। जानबूझकर लापरवाही करने वाले सप्लायरों को स्थायी रूप से ब्लैकलिस्ट करने की बात भी कही गई है। इससे रेलवे में इस्तेमाल होने वाले सुरक्षा संबंधी सामान की गुणवत्ता को लेकर जवाबदेही बढ़ने की उम्मीद है। त्योहारों और मेलों में बढ़ती भीड़ को लेकर पहले से तैयारी रेल मंत्री ने अधिकारियों को राज्य और जिला प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय बनाने के निर्देश भी दिए। खासतौर पर त्योहारों और मेलों के दौरान जिन स्थानों पर अचानक यात्रियों की संख्या बढ़ सकती है, वहां पहले से तैयारी करने को कहा गया है। ऐसे स्थानों पर भीड़ को नियंत्रित करने के साथ यात्रियों के लिए आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया है। Share This Article Post navigation Headlight Rules : तेज हेडलाइट से अब नहीं चौंधियाएंगी आंखें…! सरकार बदलने जा रही नियम; बाइक-कार की लाइट पर लगेगी सीमा