Ramdas Athawale Ramdas Athawale
Share This Article

रायपुरर, 09 सितंबर / ETrendingIndia / देशभर में आरक्षण व्यवस्था को लेकर जारी बहस के बीच केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री रामदास आठवले ने बुधवार को रायपुर में बड़ा बयान दिया। छत्तीसगढ़ के एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे आठवले ने कहा कि यदि देश से जातिवाद पूरी तरह समाप्त हो जाता है तो वे आरक्षण छोडऩे के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि जब तक जातिवाद खत्म नहीं होता, तब तक आरक्षण व्यवस्था जारी रहनी चाहिए।


आरक्षण व्यवस्था का विरोध करने वालों को जवाब देते हुए आठवले ने कहा कि भारत में जाति के आधार पर आरक्षण का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि संविधान के अनुच्छेद 17 के तहत अस्पृश्यता को समाप्त किया गया है, लेकिन इसके बावजूद आज भी दलितों और आदिवासियों पर अत्याचार की घटनाएं होती हैं।


उन्होंने कहा कि यदि देश में जातिवाद पूरी तरह खत्म हो जाता है तो आरक्षण छोडऩे में कोई आपत्ति नहीं होगी। लेकिन जब तक जातिगत भेदभाव और अत्याचार समाप्त नहीं होते, तब तक आरक्षण लागू रहना चाहिए। उन्होंने लोगों से आरक्षण का विरोध नहीं करने की अपील की।
केंद्रीय मंत्री ने दलितों के मुद्दे पर कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विपक्ष अब केवल टिप्पणी करने तक सीमित रह गया है और वह देश का विकास नहीं कर सकता। आठवले ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश का विकास तेजी से हो रहा है।


उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार दलितों की सेवा करने और उन्हें न्याय दिलाने के लिए सक्षम है। सरकार सामाजिक रूप से वंचित वर्गों के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है और विभिन्न योजनाओं के माध्यम से उन्हें लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।


अपने छत्तीसगढ़ दौरे की जानकारी देते हुए रामदास आठवले ने बताया कि रायपुर और बिलासपुर में उनके विभिन्न कार्यक्रम निर्धारित हैं। इस दौरान रायपुर नगर निगम के अधिकारियों के साथ सामाजिक न्याय एवं सशक्तीकरण से जुड़ी केंद्रीय योजनाओं को लेकर बैठक की जाएगी।
बैठक में केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। साथ ही अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन और लाभार्थियों तक उनके लाभ पहुंचने की स्थिति की जानकारी ली जाएगी। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सामाजिक न्याय से जुड़ी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है।


Share This Article