Share This Article रायपुर, 18 सितंबर 2026। CG PWD : छत्तीसगढ़ लोक निर्माण विभाग में टेंडर प्रक्रिया अब नए डिजिटल प्लेटफॉर्म पर जाने वाली है। 1 अक्टूबर 2026 से विभाग द्वारा जारी होने वाली सभी नई निविदाएं GePNIC यानी Government e-Procurement-NIC पोर्टल पर संचालित होंगी। इसके साथ ही टेंडर की शुरुआत से लेकर तकनीकी और वित्तीय मूल्यांकन तक की प्रक्रिया ऑनलाइन इसी पोर्टल के जरिए पूरी की जाएगी। ठेकेदारों के लिए पहले से तैयारी जरूरी नई व्यवस्था में टेंडर प्रक्रिया में शामिल होने वाले ठेकेदारों को GePNIC पोर्टल पर Enrollment कराना अनिवार्य होगा। विभाग ने ठेकेदारों से अपील की है कि वे अंतिम समय में तकनीकी परेशानी से बचने के लिए समय रहते अपना पंजीयन पूरा कर लें। लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी ने विभागीय अधिकारियों के साथ ठेकेदार संघ के पदाधिकारियों को भी पत्र भेजकर नई व्यवस्था की जानकारी अधिक से अधिक ठेकेदारों तक पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। एक ही पोर्टल पर होगा पूरा टेंडर सिस्टम 1 अक्टूबर के बाद नई निविदाओं के लिए अलग-अलग चरणों में पोर्टल बदलने की जरूरत नहीं होगी। GePNIC पर ही निविदा तैयार करने, प्रकाशित करने, बिड प्राप्त करने और तकनीकी एवं वित्तीय मूल्यांकन सहित संबंधित ऑनलाइन कार्यवाहियां पूरी की जाएंगी। विभाग का जोर इस बात पर है कि नई व्यवस्था लागू होने के बाद टेंडर प्रक्रिया में तकनीकी या प्रशासनिक बाधा न आए। इसके लिए अधिकारियों और ठेकेदारों को पहले से जरूरी औपचारिकताएं पूरी करने को कहा गया है। पुराने टेंडर का काम पुराने पोर्टल पर ही चलेगा नई व्यवस्था लागू होने के बावजूद पुराने ई-प्रोक्योरमेंट पोर्टल पर पहले से प्रकाशित निविदाओं की प्रक्रिया तुरंत खत्म नहीं होगी। 30 सितंबर 2026 तक पुराने पोर्टल पर प्रकाशित निविदाओं की बिड प्राप्ति, मूल्यांकन, स्वीकृति और अन्य लंबित ऑनलाइन कार्यवाही 31 मार्च 2027 तक उसी पोर्टल पर पूरी की जा सकेगी। 31 मार्च 2027 के बाद पुराने ई-प्रोक्योरमेंट पोर्टल पर निविदा से संबंधित कोई कार्यवाही नहीं की जाएगी। इस तरह विभाग ने पुरानी और नई निविदाओं के लिए अलग-अलग समयसीमा तय कर दी है। अधिकारियों के लिए भी नई डिजिटल तैयारी GePNIC पर काम शुरू करने से पहले विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को भी तकनीकी तैयारियां पूरी करनी होंगी। निविदा आमंत्रित करने वाले अधिकारियों, तकनीकी एवं वित्तीय मूल्यांकन समिति के सदस्यों और संबंधित कर्मचारियों के लिए User ID, Role Mapping और Digital Signature Certificate यानी DSC की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। 1 अक्टूबर से नई व्यवस्था लागू होने के बाद लोक निर्माण विभाग की नई निविदाओं के लिए GePNIC मुख्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म होगा। विभाग ने सभी संबंधित पक्षों से निर्धारित समयसीमा के भीतर जरूरी तैयारी पूरी करने को कहा है। Share This Article Post navigation Atithi Shikshak : 1535 अतिथि शिक्षकों के लिए बड़ी राहत, 6 महीने के मानदेय की राशि जारी, जानिए किस जिले को कितने करोड़ मिले भाटापारा स्टेशन : किलाबंदी टिकट चेकिंग … 316 मामलों से ढाई लाख रुपए का राजस्व प्राप्त