Share This Article रायपुर/बस्तर, 25 सितंबर। Bastar Flood : बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के प्रभाव से बस्तर संभाग में लगातार मूसलाधार बारिश हो रही है। कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं और नदी-नाले उफान पर हैं। बारिश के कारण कई प्रमुख मार्गों पर आवागमन भी प्रभावित हुआ है। प्रशासन और आपदा प्रबंधन दल राहत एवं बचाव अभियान में जुटे हुए हैं। 9 राहत शिविरों में 350 से ज्यादा प्रभावित बस्तर जिले में बनाए गए 9 राहत शिविरों में 350 से अधिक प्रभावित लोगों को सुरक्षित आश्रय दिया गया है। शिविरों में प्रभावित परिवारों के लिए भोजन, पेयजल, ठहरने और प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। जगदलपुर में भी कई राहत शिविरों में प्रभावित लोगों को रखा गया है। नाव से 40 लोगों का रेस्क्यू नगरनार क्षेत्र के नदी बोड़ना में बाढ़ के पानी में फंसे करीब 40 लोगों को नाव की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया। वहीं तोकापाल के घाट धनोरा से 25 परिवारों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। पलवा और लोहंडीगुड़ा के निचले इलाकों में जलभराव के बाद प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों और पंचायत भवनों में शिफ्ट किया गया। कलेक्टर-SP ने लिया हालात का जायजा बाढ़ और जलभराव की स्थिति के बीच कलेक्टर आकाश छिकारा और पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा ने प्रभावित इलाकों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने गंगामुंडा पारा, महादेव घाट, खड़कघाट, डिमरापाल मेडिकल कॉलेज के आसपास और नगरनार-भेजापदर मार्ग समेत जलभराव वाले क्षेत्रों का जायजा लिया। राहत शिविरों में व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। इंद्रावती नदी का जलस्तर बढ़ा लगातार बारिश के कारण इंद्रावती नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। नदी के तटीय और निचले इलाकों में प्रशासन ने निगरानी बढ़ा दी है। रिपोर्टों के अनुसार, नदी का जलस्तर बढ़ने से आसपास के इलाकों में बाढ़ का खतरा भी बढ़ा है। नदी-नालों से दूर रहने की अपील प्रशासन ने लोगों से उफनती नदियों, नालों और जलमग्न पुल-पुलियों को पार नहीं करने की अपील की है। संवेदनशील स्थानों पर निगरानी और बैरिकेडिंग की जा रही है। आपात स्थिति में लोगों से बाढ़ नियंत्रण कक्ष या संबंधित राजस्व अधिकारियों से संपर्क करने को कहा गया है। लगातार बारिश के कारण बस्तर में सड़क, रेल और हवाई यातायात भी प्रभावित हुआ है। Share This Article Post navigation Rural Development : भूग्राम जियो-टैगिंग में छत्तीसगढ़ का शानदार प्रदर्शन, 99.34% ग्रामीण परिसंपत्तियां डिजिटल मैप पर Ambikapur NRC News : कुपोषण को मात दे रहे बच्चे, NRC में 248 बच्चों का उपचार, बढ़ते वजन ने लौटाई परिवारों की उम्मीद